नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर मैदान पर हुई दुर्घटना के कारण दिवंगत हुए बंगाल क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी अंकित केसरी की मदद के लिए आगे आए।
बंगाल अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान अंकित बीते शुक्रवार को एक मैच के दौरान साथी खिलाड़ी से टकरा गए और उनके सर में गंभीर चोट आई, जिसके कारण रविवार को एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गंभीर ने सोमवार को आईपीएल-8 के अपने चौथे मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स को छह विकेट से हराने के बाद कहा, “वह (अंकित) अब हमारे साथ नहीं रहा जो काफी दुखद है। उसके परिवार ने जो खोया उसकी भरपाई नहीं हो सकती।”
गंभीर ने कहा, “लेकिन मैं यह मैं पक्के तौर पर कह सकता हूं कि हम (नाइट राइडर्स) सभी वहां उसके परिवार से मिलने जाएंगे और उनके जो हो सकता है करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “हम हमेशा उनके साथ हैं और उम्मीद है कि उन्हें हम अधिक से अधिक योगदान दे सकेंगे। हम उनके लिए हरसंभव करने की कोशिश करेंगे।”
बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) द्वारा आयोजित एक सीनियर नॉकआउट मैच के दौरान भवानीपुर के खिलाफ ईस्ट बंगाल की ओर से खेल रहे अंकित एक कैच लपकने के प्रयास में साथी खिलाड़ी सौरभ मंडल से टकरा गए और बेहोश होकर मैदान पर ही गिर पड़े।
सीएबी के एक अधिकारी ने बताया कि बंगाल अंडर-23 टीम के सदस्य अंकित को उपचार के लिए दो अस्पताल ले जाना पड़ा तथा उपचार के दौरान दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई।
गंभीर ने इस दुखद घटना पर ट्विटर पर भी संदेश जारी कर दुख व्यक्त किया।
dharmpath.com dharmpath