नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान की नेता शेरी रहमान ने शनिवार को यहां कहा कि समाज में बढ़ती असमानता दुनिया के सामने बड़ी चुनौती बनने जा रही है।
पाकिस्तान की सांसद और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी(पीपीपी) की उपाध्यक्ष रहमान ने यहां चल रहे विश्व संस्कृति महोत्सव के ‘कल एक शांतिपूर्ण दुनिया के निर्माण’ नामक सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि यद्यपि शांति व्यापक वैश्विक इच्छा है जिससे सभी नेता सहमत हैं, लेकिन यह आसान नहीं है।
रहमान ने कहा, “आज दुनिया घोर सामाजिक और आर्थिक दबाव में है। मैं देखती हूं कि दुनिया के ऊपर गंभीर चुनौती मंडरा रही है और वह है बढ़ती असमानता। विकास के लाभ से बड़ी संख्या में लोग वंचित हैं। “
उनहोंने कहा कि सबसे परेशान करने वाली बात यह है कि दुनिया का हर सातवां आदमी आज शरणार्थी है या फिर बेघर जिनकी अपनी कोई पहचान नहीं है। शायद वैश्विक नेतृत्व इसके लिए धन्यवाद के पात्र हैं, क्योंकि वे सही निर्णय नहीं कर रहे हैं।
रहमान ने कहा, “ऐसे मुद्दे हमलोगों को बार-बार तंग करने को बाध्य हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि धनी दिनोंदिन धनी और गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। यह वैश्विक समस्या है। इस तरह की असमानता भय और संघर्ष को जन्म देगी।”
आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने देश में आतंकवाद के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा, “आतंकवाद लोगों की नजर में मंडराता हुआ बड़ा खतरा है, लेकिन अधिकांश लोग यह नहीं महसूस करते हैं कि पाकिस्तान अकेले आतंकवाद के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ रहा है।”
उन्होंने कहा कि शांति के लिए सिविल सोसायटी को मजबूत करने के साथ उसे और अधिक अभिव्यक्ति की आजादी देनी चाहिए।
dharmpath.com dharmpath