असम कांग्रेस अध्यक्ष अंजन दत्ता का हृदयाघात से निधन (लीड-1)

नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष अंजन दत्ता का गुरुवार को नई दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

असम के पूर्व परिवहन मंत्री और आमगुरी निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे अंजन का 25 मई से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज चल रहा था। फेफड़ा रोग विशेषज्ञ रणदीप गुलेरिया की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था।

एम्स के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने आईएएनएस को बताया, “उनका आज (गुरुवार) सुबह 7.15 बजे निधन हो गया और उनके पार्थिव शरीर को मुर्दाघर भिजवा दिया गया है।”

गुवाहाटी में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के सदस्यों ने कहा कि अंजन अप्रैल में असम विधानसभा चुनावों के बाद दक्षिण अफ्रीका गए थे और वहां से लौटने के बाद बीमार हो गए थे।

उन्हें पहले दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया।

उन्हें 13 दिसंबर, 2014 को असम प्रदेश कांग्रेस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी उनसे मिलने एम्स पहुंचे थे।

अंजन दिसंबर 2014 में असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने थे।

असम कांग्रेस प्रवक्ता अपूर्बा भट्टाचार्य ने उनके निधन पर शोक जाहिर करते हुए कहा, “यह हम सभी के लिए चौंकाने वाली खबर है। हमें उनकी नासाज तबीयत की जानकारी थी, लेकिन ऐसे की उम्मीद नहीं थी।”

उन्होंने कहा कि अंजन के पार्थिव शरीर को गुरुवार को गुवाहाटी के राजीव भवन लाया जाएगा, जहां पार्टी नेता उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद शुक्रवार को पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए शिवसागर जिला स्थित उनके घर ले जाया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493