असम में कांग्रेस विधायक रूमी नाथ गिरफ्तार (लीड-1)

गुवाहाटी, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। असम पुलिस ने मंगलवार को कांग्रेस विधायक रूमी नाथ को ऑटो चोरी करने वाले गिरोह के मुखिया अनिल चौहान के साथ कथित संबंध होने के मामले में गिरफ्तार किया।

गुवाहाटी पुलिस कमीशनरी के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की और कहा कि रूमी को दो मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक शहर के अजारा पुलिस थाने में और दूसरा दिसपुर पुलिस थाने में दर्ज है।

अधिकारी ने बताया, “उन्हें मंगलवार सुबह दिसपुर स्थित उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया गया है।”

पुलिस के अनुसार, दोनों मामले ऑटो चोरी करने वाले गिरोह से संबंधित हैं।

अधिकारी ने बताया, “उन्हें भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की गैर-जमानती वारंट से संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।”

चौहान और रूमी के कथित संबंध तब उजागर हुए जब चौहान और उसके एक साथी को अजारा इलाके से तीन अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।

चौहान के कार को असम विधानसभा के अधिकारियों ने पास जारी किया था और यह पाया गया था कि रूमी की अनुशंसा पर यह 2012 से 2015 के बीच जारी किया गया था।

रूमी ने शुरुआत में इससे इंकार किया था कि वह चौहान को जानती हैं। उन्होंने कहा था कि पास चौहान की पत्नी रीता की कार के लिए जारी किए गए थे, जो कांग्रेस कार्यकर्ता हैं।

असम विधानसभा अध्यक्ष प्रणब गोगोई और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अंजन दत्ता ने इन आरोपों पर रूमी से स्पष्टीकरण मांगा है।

रूमी ने सोमवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान दोहराया था कि वह चौहान को नहीं जानतीं। उन्होंने पुलिस से भी कहा था कि यदि उसके पास सबूत है, तो वह उन्हें गिरफ्तार करे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493