असम में तटबंध मरम्मत का कार्य समय पर पूरा नहीं

धुबरी(असम), 1 मई (आईएएनएस)। असम सरकार का जल संसाधन विभाग राज्य में नदियों पर तटबंध मरम्मत का काम समय पर पूरा नहीं कर पाया है, जिस वजह से आगामी मॉनसून से पहले बाढ़ वाले क्षेत्रों के निवासियों के बीच डर और दशहत का माहौल है।

फरवरी में, मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने विभाग को 30 अप्रैल तक तटबंधों के मरम्मत संबंधी काम पूरे करने के लिए कहा था।

असम में लगभग 5000 किलोमीटर लंबा तटबंध है, जिसे 1950 के आसपास बनाया गया था। इसमें से अधिकांश हिस्सा खराब रखरखाव की वजह से क्षतिग्रस्त हो गया है और बाढ़ के दौरान इन क्षतिग्रस्त तटबंधों में से पानी प्रवेश कर जाता है।

धुबरी जिले के कालाडोबा निवासी इकरामुल हुसैन ने कहा, “हमने जल संसाधन विभाग को तटबंधों के मरम्मत के लिए मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आदेश के बारे में सुना था। हालांकि यहां कुछ भी नहीं बदला। मरम्मत कार्य शुरू होना अभी बाकी है।”

उन्होंने कहा, “गंगाधर नदी पर तटबंध के मरम्मत का कार्य बहुत पहले शुरू हुआ था, जिसे अभी भी पूरा किया जाना बाकी है। कांट्रैक्टर ने वहां केवल बालू गिरा दिया, जो कि बाढ़ को रोकने के लिए नाकाफी है।”

एक अन्य ग्रामीण ने कहा, “हर वर्ष हम बाढ़ और कटाव को झेलते हैं। बड़ी मात्रा में कृषि योग्य भूमि का पहले ही कटाव हो चुका है। कई किसान अपनी आय के श्रोत खो दिए हैं। सरकार हरवर्ष तटबंध के मरम्मत और जमीनों को कटने से बचाने के लिए काफी धन खर्च करती है। लेकिन हमलोग प्रत्येक वर्ष इसके पीड़ित बनते हैं।”

उन्होंने कहा, “हम इसका स्थायी समाधान चाहते हैं। प्रत्येक वर्ष हमें अपना घर खाली करना होता है और हम कई दिनों के लिए विस्थापित हो जाते हैं। दोबारा घर बनाना कठिन होता है। हमने बड़ी मात्रा में भूमि को खोने के अलावा अपने लोगों और पशुओं को भी खोया है।”

इसबीच, राज्य के जल संसाधन मंत्री केशब महंता ने हाल ही में दावा किया था कि पिछले वर्ष मॉनसून के समय क्षतिग्रस्त हुए 26 तटबंधों के मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है।

असम सरकार के अनुसार, “पिछले वर्ष मॉनसून के समय राज्य को करीब 2,939 करोड़ रुपये की हानि हुई थी और 29 जिलों के करीब 25 लाख लोग प्रभावित हुए थे। बाढ़ की वजह से 1,012 सड़कों को भी नुकसान पहुंचा था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493