असम में बाढ़ नियंत्रण का दीर्घकालिक उपाय चाहते हैं अभिनेता आदिल

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। असम निवासी अभिनेता आदिल हुसैन पूर्वोत्तर राज्य में बाढ़ की स्थिति पर नियंत्रण के लिए दीर्घकालिक उपाय अपनाने के लिए अपनी राज्य सरकार को ‘भावनात्मक रूप से प्रेरित’ करना चाहते हैं।

‘लाइफ ऑफ पाई’ के अभिनेता अपने राज्य में हर साल बाढ़ के कारण प्रभावित होने वाले लोगों के लिए बेहद चिंतित हैं।

असम के गोलपाड़ा से संबंध रखने और दिल्ली में रहने वाले आदिल ने आईएएनएस को बताया, “असम के काफी लोगों का सरकार और प्रशासन पर से भरोसा उठ गया है। इसलिए मैंने अभी पापोन (असम के गायक) के साथ लंबी बात की। हम दोनों असम से गहराई से जुड़े हुए हैं और हम लंबी अवधि के लिए कुछ करना चाहते हैं।”

अभिनेता ने कहा, “यह देखना बेहद दुखद है कि वे कितनी तकलीफ झेलते हैं। इसलिए अगर हम सरकार के लिए भावनात्मक प्रेरणा बन पाएं तो बेहद अच्छा होगा। सरकार को लगे कि सभी इस समस्या के बारे में बात कर रहे हैं। इसलिए हमें इसके लिए कुछ करना चाहिए।”

अभिनेता का मानना है कि असम में भाजपा नेतृत्व वाली सरकार समस्या सुलझाना चाहती है और कदम उठाने का यही समय है।

उन्होंने कहा, “हम इस क्षेत्र से जुड़े लोगों का पता लगा रहे हैं..ऐसे विशेषज्ञों का जो इस समस्या का दीर्घकालिक उपाय निकाल पाएं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493