असम : विस्फोटों के बावजूद कम नहीं हुआ स्वतंत्रता दिवस का उत्साह

गुवाहाटी, 15 अगस्त (आईएएनएस)। असम में आतंकवादियों द्वारा राज्य के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को किए गए छह विस्फोटों के बावजूद स्वतंत्रता दिवस समारोह का उत्साह कम नहीं हुआ, और पूरे राज्य में इसे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

पूर्वोत्तर क्षेत्र में आतंकवादियों के कम से कम 11 गुटों ने सोमवार को यहां बंद का आह्वान कर रखा था। इन आतंकी गुटों में युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) का वार्ता विरोधी गुट, नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी), गारो नेशनल लिबरेशन आर्मी (जीएनएलए) और अन्य संगठन शामिल हैं।

उल्फा आतंकवादियों ने तिनसुकिया जिले के फिलोबारी में एक देसी बम में विस्फोट किया। राष्ट्रीय राजमार्ग के पास किए गए इस विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ।

इसके बाद डिब्रूगढ़ और शिवसागर जिले में पांच अन्य विस्फोट हुए, लेकिन इन विस्फोटों में भी कोई हताहत नहीं हुआ।

राज्य के विभिन्न इलाकों में कई स्कूलों और संगठनों ने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के बाद रंगारंग झांकियां निकाली।

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुवाहाटी के खानपाड़ा इलाके में वेटर्नरी कॉलेज में आयोजित असम सरकार के आधिकारिक समारोह में राष्ट्रध्वज फहराया।

सोनोवाल ने असम में मौजूद अवैध बांग्लादेशियों को पकड़ कर उन्हें उनके देश वापस भेजने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई, और कहा कि उनकी सरकार असम को अवैध प्रवासियों, भ्रष्टाचार, आतंकवाद और प्रदूषण से मुक्त करने के लिए वचनबद्ध है।

असम के पुलिस महानिदेशक मुकेश सहाय ने उलुबारी स्थित असम पुलिस मुख्यालय में राष्ट्रध्वज फहराया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493