नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री प्राची देसाई पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन के जीवन पर आधारित फिल्म ‘अजहर’ में नजर आने वाली हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविकता पर आधारित फिल्मों में भी बहुत ‘ड्रामा’ होता है। ऐसी फिल्में केवल नीरस नहीं होती हैं।
प्राची ने कहा कि बहुत से जीवन की वास्तविकता से बचने के लिए फिल्में देखते हैं लेकिन, वास्तविकता पर आधारित फिल्मों में हर किसी के लिए वास्तविकता के साथ-साथ नाटकीयता भी होती है।
प्राची ने आईएएनएस से कहा, “मुझे लगता है कि वास्तविकता पर आधारित फिल्में नीरस नहीं होती हैं। उनमें बहुत ड्रामा होता है और वे सिनेमा की विधा के हिसाब से भी अच्छा अनुभव देती हैं।”
‘अजहर’ भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान अजहरुद्दीन के जीवन के उतार-चढ़ाव की कहानी है। 2000 में एक मैच फिक्सिंग प्रकरण में नाम आने के बाद उन्हें आजीवन क्रिकेट से प्रतिबंधित कर दिया गया था।
अभिनेता इमरान हाशमी इस फिल्म में अजहर की भूमिका में हैं। उनके साथ प्राची, नरगिस फाकरी और लारा दत्ता भी मुख्य भूमिका में हैं।
‘अजहर’ शुक्रवार (आज) सुबह रिलीज हो गई।
dharmpath.com dharmpath