असांजे का मामला ब्रिटेन के साथ रिश्तों को प्रभावित कर रहा है : इक्वाडोर विदेश मंत्री

क्वीटो, 10 जुलाई (आईएएनएस)। इक्वाडोर के विदेश मंत्री जोस वालेंसिया ने कहा है कि विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे के जारी मामले ने इक्वाडोर और ब्रिटेन के रिश्तों को प्रभावित किया है।

ऑस्ट्रेलियाई नागरिक असांजे ने 2012 में लंदन के इक्वाडोर दूतावास में आश्रय की मांग की थी और तब से वह वहीं रह रहे हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, वालेंसिया ने इक्वाडोर के रेडियो सुसिसोस से कहा, “यह कहना अवास्तविक होगा कि असांजे मुद्दे ने ब्रिटेन के साथ हमारे रिश्तों को प्रभावित नहीं किया है। हालांकि यह पूरी तरह से ध्वस्त नहीं हुए हैं। हम विभिन्न मुद्दों पर अभी भी संपर्क में हैं।”

उन्होंने कहा कि इक्वाडोर, ब्रिटेन के साथ आपसी रिश्तों को उसी उच्चस्तर पर रखना चाहता है जैसे अन्य देशों के साथ उसके संबंध हैं।

विशेष रूप से ब्रिटेन का संदर्भ देते हुए वालेंसिया ने कहा, “भविष्य में जब असांजे का मुद्दा सभी की संतुष्टि वाले समझौते से हल हो जाएगा तो ब्रिटेन के साथ रिश्ते पहले से कई ज्यादा मजबूत होंगे और तब दोनों देशों की इच्छा अनुरूप तेज गति से विकास होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493