अहंकारी अमित शाह को मप्र की जनता देगी जवाब : कांग्रेस

भोपाल, 4 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा कांग्रेस पर किए गए हमलों का जवाब कांग्रेस ने अपने ही अंदाज में दिया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि आत्ममुग्ध भाजपा को कर्नाटक और बाद में मध्यप्रदेश सहित अन्य चुनावी राज्यों में जनता बताएगी कि वह कितने पानी में है।

नेता प्रतिपक्ष ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि 15 साल में विकास होने की बात करने वाले बताएं कि 2003 के बाद भ्रष्टाचार के मामले में मध्यप्रदेश कहां है और व्यापम, नर्मदा यात्रा, रेत उत्खनन, वृक्षारोपण घोटाले कहां हुए।

शाह ने रैली में कहा था कि ‘जीत का मार्जिन इतना हो कि कांग्रेस को दिल के दौरे पड़ जाएं।’

इस पर सिंह ने कहा कि अमित शाह का पूरा भाषण दंभ से भरा था। भारतीय संस्कृति और संस्कार की बात करने वाली भाजपा के अध्यक्ष अपने प्रतिपक्ष के मरने की कामना और आह्वान कर रहे हैं। जिस संस्कृति में वे अपने को स्वयंभू ठेकेदार बताते हैं वह तो सिखाती है कि विश्व का कल्याण हो, प्राणियों में सद्भावना हो, जबकि आचरण इसके विपरीत है।

सिंह ने कहा कि ‘भाजपा फासीवादी और घोर असंवेदनशील पार्टी है, इस बात का प्रमाण अमित शाह ने दे दिया।’

उन्होंने कहा कि अमित शाह ने यह तो बता दिया कि मोदी के केंद्र की सत्ता में आने के बाद किन राज्यों में भाजपा जीती, लेकिन गुजरात में कहां से कहां आ गए, पंजाब, बिहार और लोकसभा चुनाव के तत्काल बाद दिल्ली में हुई शर्मनाक पराजय और हाल में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर व फूलपुर में दो संसदीय सीट हारने का भी उल्लेख करते तो अच्छा लगता। जो योगी खुद मुख्यमंत्री रहते अपनी संसदीय सीट नहीं बचा पाए, वह कर्नाटक में भाजपा को क्या जिताएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493