आंघ्रप्रदेश : राज्यपाल से मिले जगन, किया सरकार बनाने का दावा

हैदराबाद, 25 मई (आईएएनएस)। आंध्रप्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी नेता वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को राज्यपाल ई. एस. एल नरसिम्हन से मुलाकात कर औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश किया।

इससे पहले अमरावती में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा उनको सर्वसम्मति से नेता चुना गया।

नेता चुने जाने के कुछ घंटे बाद जगन मोहन रेड्डी राज्यपाल से मिलने के लिए हैदराबाद पहुंचे। कुछ वरिष्ठ नेता भी उनके साथ थे।

रेड्डी ने राज्यपाल से मिलकर उनको पार्टी विधायकों द्वारा पारित प्रस्ताव सौंपा।

वाईएसआर कांग्रेस ने गुरुवार को आए विधानसभा चुनाव के परिणाम में प्रदेश की 175 सदस्यीय विधानसभा में 151 सीटों पर जीत हासिल की।

पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक प्रदेश की राजधानी अमरावती स्थित जगन रेड्डी के आवास पर हुई।

पार्टी के वरिष्ठ नेता बोत्सा सत्यनारायण ने वाईएसआरसीपी विधायी दल के नेता के तौर पर जगन रेड्डी के नाम का प्रस्ताव रखा जिसका धर्मना प्रसाद राव और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अनुमोदन किया।

जगन रेड्डी ने घोषणा की है कि वह 30 मई को विजयवाड़ा में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493