विजयवाड़ा, 11 मई (आईएएनएस)। आंध्रप्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में शुक्रवार को गोदावरी नदी में एक नौका में आग लग गई, जिसमें 120 पर्यटक बाल-बाल बच गए।
यह घटना तब हुई, जब पर्यटक नौका से वन्यजीव अभ्यारण्य और पहाड़ों के लिए प्रसिद्ध पापीकोंडालु जा रहे थे।
पुलिस ने कहा, “नौका का चालक नौका में आग लगने के बाद इसे किनारे पर ले गया, लेकिन कुछ पर्यटक अपनी सुरक्षा के लिए नौका से कूदने के कारण घायल हो गए। वहीं कुछ पर्यटक दहशत से बेहोश हो गए।”
नौका में गैस स्टोव पर चाय बनाया जा रहा था, संभवत: इसी कारण नौका में आग लग गई। गैस लीक होने को आग लगने का कारण माना जा रहा है।
एक पर्यटक ने कहा कि गैस रिसाव के बाद गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे नौका में आग लग गई। नौका के चालक ने हालांकि सूझबूझ दिखाते हुए नौका को किनारे लगा दिया। नौका से सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए, लेकिन नौका पूरी तरह से जल कर खाक हो गई।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने पूर्वी गोदावरी जिले के कलक्टर को पर्यटकों को सभी तरह की सुविधाएं मुहैया कराने का आदेश दिया है।
dharmpath.com dharmpath