आंध्र : कार-ट्रक में टक्कर, 11 मरे

विशाखापत्तनम, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले में रविवार को एक कार ने दुपहिया वाहन को टक्कर मार दी और उसके बाद वह विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई।

हादसा नक्कापल्ली मंडल में कगिता के पास चेन्नई-कोलकाता (राष्ट्रीय राजमार्ग 16) पर हुआ।

कार चालक विशाखापत्तनम से तुनी जा रहा था। इसी दौरान कार का एक टायर फट गया, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और दुपहिया वाहन को टक्कर मारने के बाद विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गया।

कार में यात्रा कर रहे नौ लोगों के अलावा दुपहिया पर बैठे दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे और चार महिलाएं भी शामिल हैं।

इस हादसे में कार और मोटरसाइकिल बुरी तरह चकनाचूर हो गई और मृतकों के चिथड़े उड़ गए।

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री एन. चिन्नाराजप्पा ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों के परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493