आंध्र के मुख्यमंत्री ने अनंतपुर में तिरंगा फहराया

विजयवाड़ा, 15 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अनंतपुर में राष्ट्रध्वज फहराया।

उन्होंने पुलिस के रंगबिरंगे परेड का निरीक्षण किया और पुलिस प्रशिक्षण संस्थान में मुख्य आधिकारिक समारोह की सलामी ली। समारोह में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी देनेवाली झांकी निकाली गई। इस समारोह में राज्य की समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन किया गया।

नायडू ने इस मौके पर राज्य के पिछड़े जिले अनंतपुर के समग्र विकास के लिए पैकेज की घोषणा की। अनंतपुर देश का दूसरा सबसे कम बारिश वाला इलाका रहा है। उन्होंने जिले को सूखामुक्त बनाने की कसम खाई।

समारोह में नायडू के मंत्रिमंडल के सहयोगी, सांसद, विधायक और शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। समारोह स्थल पर जाने से पहले मुख्यमंत्री ने शहर में महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

राज्य की वर्तमान राजधानी विजयवाड़ा ‘कृष्णा पुष्करम’ उत्सव में व्यस्त है, इसलिए सरकार ने मुख्य आधिकारिक समारोह अनंतपुर में मनाया।

साल 2014 में राज्य के विभाजन के कुछ ही महीनों बाद स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन कुरनूल में किया था, जो कभी आंध्र राज्य की राजधानी रही थी।

राज्य के सभी 13 जिलों में स्वतंत्रता दिवस का समारोह मनाया गया, जहां राज्य के मंत्रियों ने जिला मुख्यालयों पर ध्वजारोहण किया।

वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी ने हैदराबाद स्थित पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493