नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को कहा कि आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने के मुद्दे पर केंद्र राज्य सरकार के साथ बातचीत कर रहा है और उम्मीद है कि यह मुद्दा जल्द सुलझ जाएगा।
लोकसभा में शून्य काल के दौरान विरोध प्रदर्शन कर रहे वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों के रुख पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जेटली ने कहा, “इस मुद्दे को सदन में बार-बार उठाया जा रहा है, जिससे सरकार का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।”
जेटली ने कहा, “जब तेलंगाना राज्य का गठन हो रहा था, तब आंध्र प्रदेश के साथ अन्याय किया गया। हम इसके साथ न्याय के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस मुद्दे पर हम आंध्र प्रदेश की सरकार के साथ निष्पक्ष बातचीत के अंतिम दौर में हैं।”
मुद्दे को वाईएसआर कांग्रेस के सदस्य एम.राजमोहन रेड्डी ने शून्य काल के दौरान उठाया था।
रेड्डी ने कहा, “राज्य के पुनर्गठन के वक्त तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने के प्रति आश्वस्त किया था, जिसका भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी समर्थन किया था। बाद में भाजपा ने यह भी कहा था कि जब वह सत्ता में आएगी, तो राज्य को विशेष दर्जा दिया जाएगा। लेकिन आज की तारीख तक यह वादा पूरा नहीं किया गया।”
उन्होंने कहा, “आंध्र प्रदेश के लोगों से किए गए वादे को वह कैसे भूल सकते हैं।”
इससे पहले, वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों ने पूरे प्रश्नकाल के दौरान अध्यक्ष के आसन के निकट जमा होकर विरोध-प्रदर्शन किया।
dharmpath.com dharmpath