हैदराबाद, 4 जून (आईएएनएस)। तेलुगू के लोकप्रिय अभिनेता और अपना राजनीतिक दल ‘जन सेना’ गठित कर चुके पवन कल्याण ने रविवार को कहा कि वह आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा दिलाने के लिए लड़ रहे किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन करेंगे। पवन ने ट्वीट कर यह बात कही।
पवन को कांग्रेस ने राज्य को विशेष दर्जा देने की मांग के लिए रविवार की शाम गुंटूर में आयोजित जनसभा में आमंत्रित किया था।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव एस. सुधाकर रेड्डी सहित कई अग्रणी नेताओं ने इस जनसभा में हिस्सा लिया।
पवन ने कहा कि वह कम समय में मिली सूचना के कारण गुंटूर की बैठक में शामिल होने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रघुवीरा रेड्डी को शुभकामनाएं भी दीं।
पवन ने कहा कि आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने के केंद्र सरकार के वादे पर दबाव बनाने के लिए सभी पार्टियों को एक मंच पर आना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath