भुवनेश्वर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने सोमवार को कहा कि राज्य आंध्र प्रदेश को सीमा विवाद पर विकास कार्यो के जरिए उचित जवाब देगा।
प्रधान ने विवादित कोटिया समूह के गांवों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि ये ओडिशा के अभिन्न अंग हैं।
ओडिशा व आंध प्रदेश दोनों सरकारें ओडिशा के कोरापुट जिले के पोट्टांगी ब्लॉक स्थित सीमांत गांवों पर अपना दावा करते हैं।
प्रधान ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक रपट पेश करेंगे और इलाके के समग्र विकास के लिए ओडिशा सरकार के साथ चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा, “कोटिया ओडिशा का अभिन्न हिस्सा हैं, और हमें इसका विकास करना होगा। मैं केंद्र को एक रपट पेश करूंगा और ओडिशा सरकार से इलाके के समग्र विकास के लिए चर्चा करूंगा।”
स्थानीय निवासियों में से ज्यादातर कोंध जनजाति से हैं।
आंध्र प्रदेश सरकार के एक दल के कोटिया पंचायत का दौरा करने व अपनी कल्याणकारी योजनाओं के शुरुआत करने व कुछ लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन वितरित करने के बाद से कोटिया जनवरी से सुर्खियों में है।
कोटिया पंचायत में 28 गांव हैं, जिसमें से 21 गांव ओडिशा व आंध्र प्रदेश के बीच विवादित क्षेत्र में हैं।
दोनों राज्यों में सीमा विवाद बढ़ने से ओडिशा सरकार ने भी इन गांवों में कई विकास कार्य शुरू किए हैं।
dharmpath.com dharmpath