हैदराबाद, 10 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण लगातार पांचवें दिन रविवार को भी तेलंगाना व आंध्र प्रदेश की सड़कों से सरकारी बसें नदारद रहीं। अदालत के आदेश का भी इनपर कोई असर नहीं दिखा।
हैदराबाद उच्च न्यायालय ने एक दिन पहले ही इस हड़ताल को अवैध करार देते हुए कर्मचारियों को तत्काल हड़ताल को वापस लेने को कहा था।
गतिरोध को खत्म करने के लिए दोनों राज्यों की सरकारें ट्रेड यूनियन के नेताओं से फिर से बातचीत कर रही हैं। तेलंगाना कैबिनेट की एक उप-समिति ने रविवार सुबह उनसे बातचीत की, वहीं आंध्र प्रदेश में भी शाम में एक बैठक हो रही है।
तीन सदस्यीय मंत्रिस्तरीय समिति का नेतृत्व कर रहे तेलंगाना के गृह मंत्री एन.नरसिम्हा रेड्डी ने बातचीत के बाद संवाददाताओं से कहा कि वह विचार-विमर्श से मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव को अवगत कराएंगे।
कर्मचारी वेतन में 43 फीसदी बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं, जबकि संगठन की बदहाल वित्तीय व्यवस्था का हवाला देते हुए एपीएसआरटीसी प्रबंधन 27 फीसदी बढ़ोतरी की बात कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath