आंध्र प्रदेश नौका दुर्घटना : 2 बच्चों के शव बरामद (लीड-1)

विजयवाड़ा, 16 मई (आईएएनएस)। गोदावरी नदी में मंगलवार शाम नौका पलटने के हादसे में लापता लोगों की तलाश के लिए बुधवार को भी बचाव कार्य जारी है। तलाशी के दौरान दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं।

एक अधिकारी ने कहा कि नौसेना ने डूबी नौका का पता लगाया, जिसके बारे में कहा गया है कि यह 60 फीट की गहराई पर मिली है। बचावकर्मी नौका को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

नौसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से बचाव कार्य में नौसेना की टीम, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के कर्मचारी शामिल हैं।

मंगलवार को डूबी नौका को निकालने के लिए तट के पास भारी क्रेनों का बंदोबस्त किया गया।

पूर्वी गोदावरी जिले के कलेक्टर कार्तिकेय मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि नौका बालू में धंस गई है। बचावकर्मी रस्सी से खींचकर इसे बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

खराब मौसम के कारण मंगलवार को बचाव कार्य रोकना पड़ गया था। बुधवार सुबह होते ही इसे फिर से शुरू कर दिया गया।

लापता लोगों की संख्या को लेकर भ्रम की स्थिति है। जिले के अधिकारियों ने बुधवार को 18 लोगों को लापता बताया, वहीं एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को कहा था कि हादसे के समय उस पर 10 लोग सवार थे।

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि हादसे के समय नौका पर करीब 50 लोग सवार थे जिनमें 10 लोग तैरकर सुरक्षित निकल आए।

यह घटना पूर्वी गोदावरी जिले के देवीपत्नम ब्लॉक में मंटुरु के पास शाम पांच बजे के करीब घटित हुई।

कोंदामोदालु से रवाना हुई नौका राजामहेंद्रवरम की ओर जा रही थी। माना जा रहा है कि तेज हवाओं के चलते यह हादसा हुआ।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को बचाव कार्य युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493