हैदराबाद, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में एक चौंकाने वाली घटना में मानसिक रूप से बीमार एक व्यक्ति ने गुरुवार को तीन लोगों की हत्या कर दी और तीन अन्य को घायल कर दिया।
घटना कोरुकोंडा जिले की है।
मृतकों में एक स्थानीय निर्वाचित महिला प्रतिनिधि भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, आनंद कुमार (35) नाम का व्यक्ति लोगों पर लोहे की छड़ से वार कर रहा था।
सबसे पहले उसने अपनी रिश्तेदार विजयलक्ष्मी (38) पर वार किया। सिर में लगी चोट के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसके बाद उसने ए जी नागभूषणम पर वार किया, जिसने उसे काबू में करने की कोशिश की। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी भी मौत हो गई।
उसका तीसरा शिकार मंडल परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र की सदस्य कंदावल्ली कुमारी बनीं, जिन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की। सिर में गंभीर चोटें लगने के कारण बाद में अस्पताल में उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने जब तक उसे नियंत्रण में किया तब तक उसने तीन अन्य लोगों को घायल कर दिया।
पुलिस के मुताबिक प्रतीत होता है कि आनंद जो कि एक दिहाड़ी मजदूर था, उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। इसकी जांच की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath