विजयवाड़ा, 15 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के गुंटूर शहर में शनिवार रात एक निर्माणाधीन मॉल की दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई।
पुलिस ने रविवार को बताया कि बचाव कर्मियों ने आठ लोगों को जिंदा बाहर निकाला है। वहीं रविवार सुबह सात शव बरामद किए गए।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब निमार्णाधीन मॉल की एक दीवार गिर गई और उसका मलबा उस गड्ढे पर जा गिरा जहां 18 मजदूर काम कर रहे थे।
पुलिस, राजस्व और दमकल कर्मियों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ)भी बचाव अभियान में जुट गए हैं।
हादसा से भड़के मजदूरों ने घटनास्थल पर पहुंचे समाज कल्याण मंत्री रवेला किशोर बाबू के एक सहयोगी की कार पर हमला किया।
मृतकों में एक छात्र भी शामिल है, जो गर्मी की छुट्टियों के दौरान कुछ पैसे कमाने के लिए निर्माण कार्य में जुटा था।
उधर, उपमुख्यमंत्री ए. चिन्नाराजप्पा ने कहा कि अगर यह साबित हुआ कि बिल्डर की लापरवाही के कारण दीवार गिरी है, तो इस पर कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, रविवार को गुंटूर के सरकारी अस्पताल में तनाव बढ़ गया। अस्पताल में मृतकों के परिजनों ने आर्थिक मदद की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।
वहीं विपक्षी दलों के नेता भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। वे चाहते हैं कि सरकार प्रत्येक मृतक के परिजन को तुरंत प्रभाव से 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद दे।
dharmpath.com dharmpath