आंध्र प्रदेश में बेपटरी हुई ट्रेन, 36 की मौत (लीड-2)

विजयनगरम, 22 जनवरी (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस बेपटरी हो गई, जिसमें 36 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक घायल हो गए।

दुर्घटना शनिवार रात 11.30 बजे ओडिशा के रायगढ़ा जिले से 24 किलोमीटर दूर कुनेरू स्टेशन के पास हुई। ट्रेन छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर जा रही थी।

पूर्व तट रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी जे.पी. मिश्रा ने बताया कि एक लगेज वैन, दो सामान्य और चार शयनयान डिब्बे, एक द्वितीय-सह-तृतीय श्रेणी वातानुकूलित, एक तृतीय श्रेणी वातानुकूलित सहित हीराखंड एक्सप्रेस के नौ डिब्बे और इंजन बेपटरी हो गए।

उन्होंने बताया, “चार राहत गाड़ियां अलग-अलग स्थानों से दुर्घटनास्थल के लिए भेज दी गई हैं। दुर्घटना के कारण की फिलहाल जानकारी नहीं है।”

राहत अभियान के लिए घटनास्थल पर सैन्य कर्मियों को लगाया गया है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटना में सुरक्षित बचने वाले ट्रेन के अन्य 13 डिब्बों को संबलपुर और अंगुल के रास्ते यात्रियों के साथ रवाना कर दिया गया है। यात्रियों के लिए अलग-अलग गंतव्यों को ध्यान में रखते हुए 13 बसों का प्रबंध भी किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि 22 घायलों को पार्वतीपुरम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सात घायलों को विशाखापट्टनम के किंग जॉर्ज अस्पताल में भेजा गया है, जबकि सात अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

कुल 32 यात्रियों को रायगढ़ा जिले के अस्पताल ले जाया गया।

जिस वक्त हादसा हुआ था, दुर्घटनास्थल पर घना अंधेरा था, जिसके कारण अधिकारियों को राहत व बचाव अभियान में दिक्कतें आईं।

राहतकर्मी मलबे में फंसे यात्रियों को खोजने और उन्हें बाहर निकालने के लिए रात भर लगे रहे।

रेल मंत्री सुरेश प्रभु दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।

उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “निर्दोष लोगों की मौत से दुखी हूं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, “जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस के पटरी से उतर जाने के कारण अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मैं संवेदनाएं जाहिर करता हूं। यह त्रासदी दुखद है।”

वहीं, रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने इस घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।

उधर, नई दिल्ली में एक रेलवे अधिकारी ने इस घटना के पीछे नक्सलियों का हाथ होने की आशंका से इनकार नहीं किया।

उन्होंने आईएएनएस को बताया, “दुर्घटना के पीछे किसी तरह की साजिश से इनकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि जहां यह हादसा हुआ है, वह नक्सलियों का गढ़ है।”

वहीं, ओडिशा पुलिस ने ऐसी आशंका को खारिज किया। पुलिस महानिदेशक के.बी. सिंह ने रविवार को संवाददताओं से कहा, “इस घटना में नक्सलियों की संलिप्तता के कोई सबूत नहीं हैं। हम मामले की जांच करेंगे और रेलवे सुरक्षा आयुक्त भी इसकी जांच कराएंगे।”

रेलवे ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों में से प्रत्येक को 50,000 रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है।

ट्रेन जगदलपुर से शनिवार दोपहर तीन बजे रवाना हुई थी और इसे रविवार को सुबह 8.25 बजे भुवनेश्वर पहुंचना था।

ट्रेन ओडिशा से आंध्र प्रदेश की सीमा में दाखिल होते ही दुर्घटना का शिकार हो गई, जहां से इसे फिर ओडिशा में प्रवेश करना था।

दुर्घटना के बाद इस मार्ग पर ट्रेन सेवाओं को रोक दिया गया। कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया तो कुछ के मार्ग परिवर्तित किए गए।

रेल दुर्घटना के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए आंध्र प्रदेश और ओडिशा में विभिन्न स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर स्थापित किए गए हैं।

विजयनगरम के लिए नंबर हैं : 83331, 83332, 83333, 83334, 08922-221202, 08922-221206

विशाखापट्टनम : 83003, 83005, 83006, 0891-2746344, 0891-2746330, 08500358610, 08500358712

रायगढ़ा : 06856-223400, 06856-223500, 09439741181, 09439741071, 07681878777

खुर्दा : 0674-2490670

भुवनेश्वर स्टेशन : 06742543360

बेहरामपुर स्टेशन : 06802229632

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493