आंध्र प्रदेश में मिलावटी शराब पीने से 5 मरे, 15 बीमार

विजयवाड़ा, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में मिलावटी शराब पीने से सोमवार को पांच लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

पुलिस ने कहा कि घटना कृष्णालंका इलाके में उस वक्त घटी, जब 20 मजदूरों ने एक ठेके पर शराब पी। शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई।

बाकी मजदूरों को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो मजदूरों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कुछ मजदूरों की हालत नाजुक बताई गई है।

शराब पीने के बाद बीमार पड़े कुछ पीड़ितों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस और आबकारी अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने शराब की दुकान पर छापा मारा और शराब के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया है।

आबकारी मंत्री कोल्लू रवींद्र पीड़ितों की कुशलक्षेम लेने अस्पताल पहुंचे और उनके परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों को सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493