आइजोल क्लब के मुद्दे पर एआईएफएफ से बात करूंगा : खेल मंत्री

कोलकाता, 5 मई (आईएएनएस)। खेल मंत्री विजय गोयल ने शुक्रवार को कहा कि वह फुटबाल क्लब आइजोल एफसी के अगले सत्र में शीर्ष डिवीजन में खेलने के मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) से बातचीत करेंगे।

मिजोरम के फुटबाल क्लब आइजोल ने हाल ही में देश के शीर्ष फुटबाल टूर्नामेंट आई-लीग का खिताब जीत सभी की तारीफें बटोरीं हैं।

क्लब ने मंगलवार को एआईएफएफ के सामने शीर्ष डिवीजन में पहले की तरह बने रहने के लिए औपचारिक तौर पर अर्जी दायर की। उसने यह अर्जी उन खबरों के बाद दी जिनमें कहा गया कि एआईएफएफ और उसके वित्तीय साझेदार आईएमजी-रिलायंस इसी साल नवंबर में नई लीग लाने के बारे में विचार कर रहे हैं और इसमें आइजोल को शामिल नहीं किया जाएगा।

भारत की मेजबानी में इसी साल होने वाले अंडर-17 फीफा विश्व कप के लिए साल्ट लेक स्टेडियम का निरीक्षण करने आए गोयल ने आइजोल के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, “मुझे किसी से पत्र नहीं मिला है, लेकिन जैसा आप कह रहे हैं वो मैंने भी सुना है। मैं आई-लीग की इस समस्या को एआईएफएफ के सामने रखूंगा और उनसे इस मामले में बात करूंगा।”

नई प्रस्तावित इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में मौजूदा आईएसएल की आठ टीमें और आई-लीग के तीन क्लबों को शामिल करने की चर्चा है।

लेकिन, देश का प्राथमिक घरेलू फुटबाल टूर्नामेंट आई-लीग का खिताब जीतने वाला पूर्वोत्तर का पहला क्लब आइजोल इस योजना का हिस्सा नहीं माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि एआईएफएफ बेंगलुरु एफसी, मोहन बागान और ईस्ट बंगाल को नई प्रस्तावित लीग में शामिल करना चाहता है।

क्लब द्वारा जारी बयान के अनुसार, “हमने एआईएफएफ के समक्ष नई शीर्ष लीग में बने रहने की दावेदारी पेश की है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493