आइसलैंड ने यूएनएससी में भारत को समर्थन दोहराया

नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आइसलैंड के विदेश मंत्री गनर ब्रेगी वीन्सन ने मंगलवार को एक बार फिर भारत को आश्वस्त किया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट के मुद्दे पर वह नई दिल्ली का समर्थन करेगा।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से वीन्सन की मुलाकात बाद दोनों नेताओं द्वारा जारी संयुक्त बयान में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में व्यापक सुधार की जरूरत बताई गई है, ताकि संयुक्त राष्ट्र अधिक प्रभावी, कुशल और समकालिक भू-राजनैतिक सच्चाइयों का प्रतिनिधित्व कर सके । इस सुधार में स्थायी और अस्थायी श्रेणियों में सीटों के विस्तार की बात है।

बयान में कहा गया है कि आइसलैंड ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का विस्तार कर उसमें भारत को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल करने में मदद का एक बार फिर भरोसा जताया है।

दोनों ही मंत्रियों ने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई, जिसमें नवीनीकृत ऊर्जा, खासतौर से जियोथर्मल ऊर्जा, पर्यटन, स्टार्ट-अप और विस्तारित व्यापार संबंध शामिल हैं।

दोनों ही नेताओं ने इसके अलावा महिलाओं के अधिकार और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया।

स्वराज और वीन्सन ने सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद की निंदा की।

वीन्सन ने इसके अलावा ऊर्जा, कोयला और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण से भी अलग-अलग मुलाकात की।

सुषमा के निमंत्रण पर वीन्सन एक व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ एक सप्ताह के दौरे पर तीन अप्रैल को भारत पहुंचे।

वह बेंगलुरू और मुंबई भी जाने वाले हैं, जहां वह कर्नाटक और महाराष्ट्र के नेतृत्व से मिलकर आपसी व्यापार संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने आइसलैंड पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को एक रोड शो भी किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493