नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) ने घोषणा की है कि परिसर में ओपन हाउस के 12वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा।
इस संस्करण का आयोजन 23 अप्रैल को होगा।
आईआईटी दिल्ली ने मंगलवार को घोषणा की कि इस समारोह में 4,000 से अधिक स्कूली बच्चे हिस्सा ले सकते हैं, और 500 से अधिक शोध परियोजनाएं और 80 डेमो परियोजनाएं पेश की जाएंगी।
‘हिप प्रोटेक्टिव डिवाइस’, ‘लिक्वीफाइड पेट्रोलियम गैस सिलेंडर कैप रिमूवर’, ‘एनवायरमेंट फ्रेंडली बायो फर्टिलाइजर’, ‘डायग्राम बुक्स फॉर ब्लाइंड स्टूडेंट’ सहित करीब 20 नवीन परियोजनाओं को दिल्ली में आयोजित होने वाले ओपन हाउस में दिखाया जाएगा।
संस्थान के निदेशक पद पर चार दिन पहले नियुक्त हुए वी. रामगोपाल राव ने कहा, “आईआईटी ओपन हाउस में उच्च सामाजिक प्रभाव वाले उत्पादों या प्रौद्योगिकी वाली परियोजनाओं की पहचान की जाएगी।”
राव ने आगे कहा, “हम समाज से और भी बेहतर तरीके से जुड़ने की कोश्शि करेंगे और हमें इसके लिए सामाजिक प्रासंगिकता और प्रौद्योगिकियों पर काम करने की आवश्यकता है। हम कृषि और स्वास्थ्य संस्थानों के साथ जुड़ने जा रहे हैं और सामाजिक लाभ की पेशकश करने वाले बहु अनुशासनिक परियोजनाओं पर काम करना चाहेंगे।”
इस ओपन हाउस में प्रोफेसर जॉबी जोसेफ द्वारा थ्रीडी विजन और होलोग्राम के सत्र भी शामिल होंगे।
आईआईटी में आयोजित 12वें ओपन हाउस में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली परियोजनाओं की प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से दो बजे तक जनता के लिए नि:शुल्क खुली हैं, जबकि प्रयोगशालाएं शाम चार बजे तक खुली रहेंगी।
dharmpath.com dharmpath