नई दिल्ली-आईआईटी बॉम्बे के दूसरे वर्ष के एक छात्र ने शुक्रवार (18 सितंबर) को आत्महत्या कर ली.छात्र ने यह कदम कुछ घंटे पहले परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के बाद उठाया. 19 वर्षीय छात्र की मौत के बाद संस्थान के 400 से अधिक छात्रों ने परिसर में विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद चल रही मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं.
छात्र की मौत की खबर परिसर में फैलने के बाद 400 से अधिक छात्र संस्थान की मुख्य इमारत के पास इकट्ठा हो कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. छात्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेज दिया गया.
‘शुक्रवार को परीक्षा के दौरान छात्र को परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया. उसने सवालों का जवाब पाने के लिए प्रश्नपत्र को चैटजीपीटी पर अपलोड किया था. छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी. इस मामले पर शिक्षक और विभागाध्यक्ष ने भी छात्र से बात की थी. उन्होंने छात्र की काउंसलिंग की और उसे भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके शैक्षणिक करिअर पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा. इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया. बाद में, शाम को वह अपने कमरे में मृत पाया गया.’
संस्थान की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘आईआईटी बॉम्बे अपने एक छात्र को खोने से बेहद दुखी है. संस्थान इस दुखद घटना से प्रभावित छात्र के दोस्तों, सहपाठियों, शिक्षकों और अन्य लोगों को सहायता प्रदान कर रहा है. छात्र की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं.’
dharmpath.com dharmpath