पुणे, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय स्ट्राइकर जैकीचंद सिंह ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) का सबसे तेज गोल दागते हुए शनिवार को बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए मैच में गत चैम्पियन एटलेटिको डी कोलकाता को 1-0 से हरा दिया।
पुणे आईएसएल के दूसरे संस्करण में अपने चौथे मुकाबले में तीसरी जीत हासिल करते हुए अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गया।
पुणे के चार मैचों से नौ अंक हो गए हैं।
दूसरी ओर आईएसएल-2 में पहली हार झेलने वाली एटलेटिको टीम चार मैचों में सात अंक के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई।
पिछले मैच में दिल्ली डायनामोज के हाथों मिली हार से उबरते हुए पुणे ने बेहद आक्रामक शुरुआत की और जैकीचंद सिंह ने दूसरे मिनट में ही गोल कर दिया।
राष्ट्रीय टीम से लौटे भारत के मिडफील्डर यूजेनेसन लिंगदोह और जैकिचंद सिंह पुणे के लिए मैच की शुरुआत करने उतरे।
पुणे के मार्की खिलाड़ी रोमानिया के आद्रियान मुतू इस मैच से बाहर रहे।
पुणे के कोच डेविड प्लाट ने इस मैच के लिए 4-4-2 के संयोजन वाली टीम उतारी और उन्हें सफलता भी मिली। पुणे बेहतरीन फॉर्म में चल रही एटलेटिको को गोल करने से रोकने में पूरी तरह सफल रही।
पुणे अब 24 अक्टूबर को चेन्नइयन एफसी को खिलाफ उन्हीं के घर में चुनौती देगी, जबकि एटलेटिको 23 अक्टूबर को नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी से उन्हीं के घर में भिड़ेगा।
dharmpath.com dharmpath