पीएलओ के अनुसार, वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी में जारी हिंसा के बीच प्रतिदिन मृतकों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।
पीएलओ की एक्जिक्यूटिव कमिटी के महासचिव साएब एरेकात ने संयुक्त राष्ट्र प्रतिवदेक क्रिस्टोफर हेंज को लिखी चिट्ठी में इन हत्याओं की जांच करवाए जाने की मांग की।
एरेकात ने कहा, “पिछले तीन सप्ताह से ली गई तस्वीरों और वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि कैसे इजरायल सुनियोजित तरीके से फिलीस्तीनियों की हत्या कर रहा है। फिलीस्तीनियों को जिन अपमानजनक स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, उसके भी स्पष्ट सबूत हैं।”
एरेकात ने साथ ही अंतर्राष्ट्रीय समूह से इसकी निंदा किए जाने की मांग भी की।
उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को धोखा देने और फिलीस्तीनियों के खिलाफ हिंसा में वृद्धि की अपनी अवैध नीति को चालाकी से सही ठहराने के लिए जमकर आलोचना की।
उल्लेखनीय है कि एरेकात का बयान ऐसे समय में आया है जब इजरायली सुरक्षा बलों और यहूदी आबादीकारों के खिलाफ फिलीस्तीनियों का हमला शनिवार को भी जारी है। ताजा जानकारी के मुताबिक इजरायली सुरक्षा बलों द्वारा जवाबी कार्रवाई के तहत की गई गोलीबारी में तीन और फिलीस्तीनियों की मौत हो गई।
इससे पहले शुक्रवार को वेस्ट बैंक में दो फिलीस्तीनियों की मौत हो गई थी, जबकि गाजा पट्टी में तीन फिलीस्तीनी मारे गए थे।
dharmpath.com dharmpath