जमेशदपुर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। जमशेदपुर एफसी शिविर में हर कोई इस बात से वाकिफ है कि हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में उनका सफर आसान नहीं होने वाला है।
आईएसएल का इस साल विस्तार हुआ है। सीजन-3 में 8 टीमें खेली थीं, लेकिन इस साल 10 टीमें खेल रही हैं। जमशेदपुर एफसी इस सफर में शामिल होने वाली दो नई टीमों में से एक है। हालांकि, बेंगलुरु एफसी भारतीय फुटबाल में बिल्कुल नई नहीं है। उसके पास आई-लीग में खेलने का चार साल का अनुभव है। ऐसे में जमशेदपुर ही सही मायने में नई टीम है।
ऐसे में जबकि लीग में शामिल बाकी की नौ टीमों ने अपने इरादे जता दिए हैं, जमशेदपुर एफसी के लिए नया सफर आसान नहीं होने वाला है। सभी टीमें खिताब चाहती हैं और जमशेदपुर ने भी कुछ इसी तरह की इच्छाएं पाल रखी होंगी, लेकिन स्टीव कोपेल जैसे ज्ञानी और अनुभवी कोच के रहते हुए उसे खुद को सच्चाई के करीब ही रखना होगा।
कोपेल ने कहा, “इस समय हमारी कोई अपेक्षा या इच्छा नहीं है। हर चीज नई है। हमारी टीम का एक इतिहास है, लेकिन अभी हम एक बिल्कुल अनजान सफर पर हैं। हम जब तक संभव हो सके, प्रतिस्पर्धा में बने रहना चाहते हैं।”
भारत में कोपेल को किसी परिचय की जरूरत नहीं है। कोपेल मैनचेस्टर युनाइटेड के दिग्गज रहे हैं और उन्होंने अपने क्लब और अपने देश इंग्लैंड के लिए कई अहम मौकों पर भी गोल भी किए हैं।
कोपेल लीग के बीते सीजन में केरला ब्लास्टर्स के कोच थे और अपनी टीम को फाइनल तक ले गए थे, लेकिन केरल की टीम फाइनल में एटीके के हाथों पेनाल्टी शूटआउट के बाद हार गई थी।
जमशेदपुर भी कोपेल से इसी तरह के करिश्मे की उम्मीद लगाए हुए होगा। कोपेल ने कहा, “जब तक हम कुछ मैच खेल नहीं लेते, तब तक यह कहना मुश्किल है कि सीजन के अंत तक हम कहां होंगे।”
एक क्लब के रूप मे मैदान पर अपनी अनुभवहीतना से पार पाने के लिए जमशेदपुर एफसी ने आईएसएल में खेलने का अनुभव रखने वाले देसी और विदेशी खिलािड़यों के मिश्रण वाली एक टीम खड़ी की है।
आईएसएल प्लेअर ड्राफ्ट के दौरान जमशेदपुर एफसी ने अनुभवी गोलकीपर सुब्रत पाल को अपने साथ जोड़ा था। इसके अलावा डिफेंस में इस टीम ने बीते तीन सीजन से एटीके को अपनी सेवाएं दे रहे जोस लुइस इस्पीनोसा आरोयो उर्फ टिरी को टीम में शामिल किया है।
मिडफील्ड में ठोस खेल दिखाने वाले मेहताब हुसैन ने कहा, “हमारा लक्ष्य प्लेआफ में पहुंचने का है लेकिन अभी हमें पहले मैच पर ध्यान लगाना है। हमारा जोर अच्छे फुटबाल पर होगा।”
जमशेदपुर के पास गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उसके पास सेनेगल के स्ट्राइकर टाला नाडाये, हैती के फारवर्ड केरवेंस फिल्स बेल्फोर्ट और नाइजीरियाई इजु अकुका हैं। ऐसे में कोपेल को गोल को लेकर चिंता नहीं होगी।
इस नई नवेली टीम पर चुनौतियों से भरी लीग में अपेक्षाओं का दबाव हो सकता है। इसका कारण यह है कि यह टीम टाटा की है और टाटा हमेशा शीर्ष पर रहना चाहते हैं, लेकिन उन्हें कम से कम यह सच्चाई स्वीकार करनी होगी कि पहले साल में शीर्ष पर रहना आसान नहीं होगा।
dharmpath.com dharmpath