आईएसएल : कोलकाता और पुणे का मुकाबला आज

पुणे, 6 नवंबर (आईएएनएस)। बालेवाड़ी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में रविवार को पहले सीजन की चैम्पियन एटलेटिको डी कोलकाता का सामना मेजबान एफसी पुणे सिटी से होगा।

इस मैच में सभी की निगाहें पुणे के कोच एंटोनियो हबास पर होंगी, जो हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के शुरुआती दो सीजन में कोलकाता के कोच रह चुके हैं।

हबास की देखरेख में ही कोलकाता ने पहले सीजन का खिताब जीता था, फिर अपने उम्दा प्रदर्शन को जारी रखते हुए बीते सीजन के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। सेमीफाइनल में हालांकि उसे चेन्नयन एफसी के हाथों हार मिली थी, जो बाद में एफसी गोवा को हराकर चैम्पियन बना।

इस सीजन में हबास ने पुणे का रुख किया लेकिन अब तक का हालात उनके मनमाफिक नहीं रहा है। चार मैचों का प्रतिबंध झेलने के बाद हबास डगआउट में तो लौट चुके हैं, लेकिन पुणे को जीत की पटरी पल लाने में वह नाकाम रहे हैं। शुरुआती चार मैचों में यह टीम चार अंक जुटा सकी और हबास के आने के बाद से तीन मैचों में दो अंक ही जुटा पाई है।

हबास की टीम को अपने पिछले मैच में एफसी गोवा के हाथों हार मिली थी और इस हार के बाद वह आठ टीमों की अंकतालिका में सबसे नीचे खिसक गई है। अब अगर पुणे ने कोलकाता को हरा दिया तो वह गोवा और केरला ब्लास्टर्स को पीछे छोड़ते हुए तालिका में छठे स्थान पर पहुंच सकती है।

कोलकाता के पास सात मैचों से 12 अंक हैं और वह इस समय तालिका में तीसरे स्थान पर है।

कोच जोस मोलिना ने कोलकाता को एक मजबूत टीम के रूप में स्थापित किया है और मार्की खिलाड़ी हेल्डर पोस्टिगा की वापसी के बाद यह टीम और मजबूत होकर उभरी है। पोस्टिगा चोट के कारण चार मैचों से दूर रहे थे लेकिन नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी के खिलाफ गोल करते हुए पोस्टिगा ने शानदार वापसी की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493