भोपाल, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान में गिरावट आने के साथ रविवार को ठंड बढ़ गई, राज्य के कई हिस्सों का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया ।
राज्य में रात और सुबह की ठंड ठिठुरन पैदा करने लगी है, रविवार की सुबह आसमान साफ होने के साथ खिली गुनगुनी धूप सुहावनी लगी, वहीं बीच-बीच में चलने वाली हवाओं ने सिहरन पैदा कर दी। मौसम में आ रहे बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट आई है। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में ठंड का असर बढ़ सकता है।
राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार केा भोपाल का न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 14 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 14 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 29 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 32.9 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath