आईएसएल : खराब दौर से निकलने की कोशिश करेगा नार्थईस्ट युनाइटेड

गुवाहाटी, 4 नवंबर (आईएएनएस)। नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को शनिवार को अपने घरेलू मैदान-इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में मुम्बई सिटी एफसी से भिड़ना है। यह हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में नार्थईस्ट का आठवां और मुम्बई का नौवां मैच होगा।

बीते तीन मैचों से नार्थईस्ट को जीत नहीं मिली है। सात में से तीन मैचों में उसे जीत मिली है और तीन में हार। एक मैच ड्रा रहा है। उसके खाते में 10 अंक हैं। वह अभी आठ टीमों की तालिका में पांचवें स्थान पर है। मुम्बई के खिलाफ जीत उसे 13 अंकों के साथ सम्भवत: पहले स्थान पर ला सकती है।

दूसरी ओर, मुम्बई ने अब तक आठ मैच खेले हैं और तीन में विजयी रहा है। उससे दो मैच गंवाए हैं जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे हैं। 12 अंकों के साथ यह टीम दूसरे स्थान पर है। एटलेटिको दे कोलकाता के भी 12 अंक हैं लेकिन उसने मुम्बई की तुलना में एक मैच कम खेला है। नार्थईस्ट को हराकर यह टीम मजबूती के साथ पहले स्थान पर पहुंच सकती है।

अब नार्थईस्ट को अगर सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो उसे लगातार जीत हासिल करनी होगी। नहीं तो फिर उसका स्थान असुरक्षित हो सकता है। इस टीम ने शुरुआती चार में से तीन मैच जीतकर काफी अच्छी शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद से यह पटरी पर से उतर गई है।

नार्थईस्ट के कोच नीलो विंगाडा ने मुम्बई के साथ होने वाले मैच से पहले कहा, “हम खराब स्थिति में नहीं हैं। हम अपने घर में लगातार दो मैच हार गए। हमने छह अंक गंवाए। हम मौके बना रहे हैं। वक्त की बात है कि हम अच्छा खेल दिखाते हुए अच्छी स्थिति में होंगे।”

ऐसा नहीं है कि पुर्तगाली कोच विंगाडा को सिर्फ हार की चिंता सता रही है। इस टीम ने अपने शुरुआती तीन मैच बड़ी सफाई से जीते। इसने सिर्फ एक गोल खाया लेकिन बाद के तीन मैचों में यह टीम चार गोल खा चुकी है और एक भी मैच में सफाई से नहीं जीत सकी है।

नार्थईस्ट के गोलकीपर सुब्रत पाल इस सीजन में अब तक के सबसे अच्छे गोलकीपर हैं। वह बीते मैच में चोटिल हो गए थे और उनकी कमी नार्थईस्ट को काफी खलेगी। सुब्रत ने अब तक कुल 24 गोल बचाए हैं। पुणे के गोलकीपर एडेल बेटे गोल बचाने के मामले में सुब्रत से बेहतर स्थिति में हैं। बेटे ने 26 गोल बचाए हैं।

दूसरी ओर, मुम्बई ने अपने पिछले मैच में मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी को उसी के घर में बराबरी पर रोका था। उसने उस मैच से एक अहम अंक हासिल किया था और अब वह बढ़े हुए मनोबल के साथ गुवाहाटी पहुंच चुकी है।

इस टीम ने घर से बाहर आठ अंक जुटाए हैं। बीते दो साल की तुलना में मुम्बई ने काफी सुधार किया है क्योंकि बीते दो सीजनों में इसने बाहर खेले गए 14 मैचों से सिर्फ आठ अंक जुटा सकी थी।

मुम्बई के कोच एलेक्सजेंडर गुइमाराएस निश्चित तौर पर आत्मविश्वास से भरे हुए हैं क्योंकि उनकी टीम अब उम्मीद के मुताबिक खेलती नजर आ रही है। गुइमाराएस ने कहा, “चेन्नई के खिलाफ ड्रॉ अच्छा परिणाम था। हमारे लिए तो यह काफी अहम अंक है। हो सकता है कि उनके लिए ऐसा न हो। इस मैच के बाद हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है और मुझे उम्मीद है कि इसका असर अगले मैच में देखने को मिलेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493