चेन्नई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन एटलेटिको डी कोलकाता इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे संस्करण का विजयी आगाज करते हुए शनिवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुए बेहद कांटे के मुकाबले में चेन्नइयन एफसी को 3-2 से मात दे दी।
शनिवार को आईएसएल के दूसरे संस्करण के उद्घाटन मैच में एटलेटिको के लिए मार्की खिलाड़ी हेल्डर पोस्टिगा ने अपनी प्रतिष्ठा के अनुकूल प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे।
पोस्टिगा ने एक गोल मध्यांतर से पहले और दूसरा गोल मध्यांतर के बाद किया। एटलेटिको के लिए तीसरा गोल फ्रांस के वालमिरो लोपेज रोचा (वाल्डो) ने किया।
चेन्नई की ओर से भारतीय खिलाड़ी जेजे लालपेखुला और पिछले संस्करण के सर्वोच्च स्कोरर इलानो ब्लूमर ने एक-एक गोल किए।
एटलेटिको ने मैच के 13वें मिनट में चेन्नइयन एफसी के गोलकीपर एडेल आपूला की बेहद खराब गोलकीपिंग का पूरा फायदा उठाया। बोर्जा फर्नाडीज ने एक लंबा क्रॉस लगाया जिस पर आपूला गोलपोस्ट से काफी बाहर निकल आए हालांकि वह ठीक तरह से गेंद रोक नहीं पाए और गेंद उनके हाथ से छिटक गई।
आपूला के हाथ से छिटकी गेंद और गोलपोस्ट के बीच पोस्टिगा को कोई रुकावट नजर नहीं आई और उन्होंने अपनी टीम बढ़त दिला दी।
पिछड़ने के बाद चेन्नइयन एफसी ने कई पलटवार किए। 30वें मिनट के करीब वे अंतत: लालपेखुला के गोल की बदौलत वे बराबरी करने में सफल रहे।
मध्यांतर तक गेंद पर कब्जा बनाए रखने के मामले में एटलेटिको हावी रहा, लेकिन घरेलू मैदान पर खेल रही चेन्नइयन एफसी ने कहीं अधिक हमले किए।
मध्यांतर के बाद मैच के 68वें मिनट में चेन्नइयन एफसी की बचाव पंक्ति की गलती का फायदा उठाते हुए एटलेटिको को पोस्टिगा ने फिर से 2-1 से बढ़त दिला दी।
पोस्टिगा को हालांकि थोड़ी ही देर बाद मांसपेशी में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा। उनकी जगह वाल्डो मैदान में आए और आने के कुछ ही देर बाद मैच के 76वें मिनट में उन्होंने एटलेटिको के लिए तीसरा गोल दाग दिया।
इयान एडवर्ड हुमे के बेहद सधे हुए क्रॉस पर वाल्डो ने हेडर के जरिए यह निर्णायक गोल किया।
एटलेटिको को कुछ ही मिनटों के बाद एक और गोल करने का मौका मिला। बलजीत साहनी के हाथ से गेंद टकराने के कारण मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर लारा का शॉट गोलकीपर एडेल ने रोक लिया।
चेन्नइयन एफसी ने हालांकि अब तक उम्मीद नहीं छोड़ी थी और हमलों की आक्रामकता बढ़ा दी। मैच के 88वें मिनट में अंतत: उन्हें एटलेटिको के डिफेंडर अर्णब मंडल के हैंडबाल के कारण पेनाल्टी मिला।
ब्राजीलियाई इलानो ब्लूमर ने पेनाल्टी पर शानदार शॉट के जरिए गोल हासिल किया हालांकि यह गोल भी चेन्नइयन एफसी को जीत नहीं दिला पाया।
आईएसएल में दोनों टीमों के बीच इस तीसरी भिड़ंत में पहली बार मैच का परिणाम निकल सका है। आईएसएल के पहले संस्करण में दोनों टीमें दो बार एकदूसरे के सामने आईं और दोनों ही बार मैच ड्रॉ रहे थे।
dharmpath.com dharmpath