नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस) । दिल्ली डायनामोज एफसी शनिवार को अपने घरेलू मैदान-जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन का पहला मैच खेलेगी। नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी के साथ होने वाले इस मैच के माध्यम से दिल्ली की टीम फिर से जीत के लय में लौटने का प्रयास करेगी।
दिल्ली ने अब तक दो मुकाबले खेले हैं। पहले मैच में उसने मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी को उसी के घर में 3-1 से हराया था लेकिन दूसरे मैच में उसे कोच्चि में केरला ब्लास्टर्स ने गोलरहित बराबरी पर रोक दिया था। यह टीम आठ टीमों की तालिका में चार अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
दूसरी ओर, तीसरे सीजन का विजयी आगाज करने वाली नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी अपना पांचवां मैच खेलेगी। तालिका में पहले स्थान पर विराजमान इस टीम ने अपने पहले मैच में केरला ब्लास्टर्स को 1-0 से हराया था। इसके बाद उसने बीते साल की उपविजेता एफसी गोवा को 2-0 से हराया लेकिन तीसरे मैच में उसे डिएगो फोर्लान के गोल के कारण मुम्बई सिटी एफसी के हाथों 1-0 से हार मिली। इससे उबरते हुए नार्थईस्ट ने अपने चौथे मैच में पुणे को उसी के घर में 1-0 से हराया।
दिल्ली के कोच गियानलुका जाम्ब्रोता ने इस मैच के लिए अपने टीम के समर्थकों को विशेष बुलावा भेजा है। जाम्ब्रोता को अच्छी तरह पता है कि नार्थईस्ट युनाइटेड के साथ दिल्ली में जब भी उसका मैच हुआ है, तब नार्थईस्ट के समर्थकों की संख्या अधिक रही है। इस तरह दिल्ली अपने घर में खेल रहे होने के बाद भी समर्थकों की हौसलाअफजाई के मामले में नार्थईस्ट से पिछड़ जाती है।
जाम्ब्रोता चाहते हैं कि उनकी टीम के समर्थक अधिक से अधिक संख्या में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचकर अपनी टीम का समर्थन करें। जाम्ब्रोता ने कहा, “हां, हमें अपने समर्थकों की जरूरत है और यही कारण है कि मैं उन्हें विशेष बुलावा भेज रहा हूं। खिलाड़ियों के लिए समर्थकों का होना जरूरी है। हमने बीते मैच में केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ 60 हजार समर्थकों के बीच कठिन मुकाबला खेला।”
जाम्ब्रोता ने कहा कि आईएसएल का फारमेट ऐसा है कि यहां हर चीज का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। बकौल जाम्ब्रोता, “केरला के खिलाफ हमने कुछ दिक्कतें महसूस की थीं लेकिन हम नार्थईस्ट के खिलाफ इन दिक्कतों को दूर करने की कोशिश करेंगे। खेल का एक ही स्तर बनाए रखना असम्भव होता है लेकिन यह जरूरी है कि हमारे खिलाड़ी आक्रमण और रक्षापंक्ति पर समान रूप से नजर बनाए रखें।”
नार्थईस्ट के कोच निलो विंगाडा ने भी कहा कि वापसी पर ध्यान जरूरी है, खासतौर पर पिछले मैच के बाद, जहां उनकी टीम को लगभग एक घंटे तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा था। विंगाडा ने कहा, “हम पिछले मैच में एक घंटे तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेले थे। काफी मेहनत करनी पड़ी थी लेकिन मुझे मालूम है कि हमारी टीम इस तरह के हालात के साथ तालमेल बनाने में सक्षम है।”
विंगाडा ने कहा कि उनकी टीम को इस बात का आभास है कि आईएसएल-3 की शुरुआत के साथ हर टीम सुधार कर रही है। उनकी टीम के लिए अब तक का सफर रोचक रहा है क्योंकि वह चार मैच खेल चुकी है। कोच ने यह भी कहा कि खराब खेल के लिए कोई बहानेबाजी स्वीकार नहीं है। विंगाडा के मुताबिक अब उनकी टीम का सामना एक ऐसी टीम से है, जो अपने घर में इस सीजन में पहली बार खेलने जा रही है।
dharmpath.com dharmpath