आईएसएल : पुणे की नजरें मुंबई से हिसाब बराबर करने पर

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में एफसी पुणे सिटी और मुंबई सिटी एफसी के बीच होने वाले रिटर्न टाई में पुणे की नजरें मुंबई को हरा अपने घर में मिली हार का हिसाब बराबर करने पर होंगी।

पहली बार एएफसी कप-2016 के फाइनल में पहुंचने वाले भारतीय फुटबाल क्लब बेंगलुरू एफसी के चार खिलाड़ी मुंबई के अपने क्लब में लौट आए हैं और पुणे के खिलाफ अगले मैच में खेलने के लिए बिल्कुल फिट हैं।

मुंबई के कोच एलेक्जांद्रे गुइमारेस का मानना है कि इन खिलाड़ियों का टीम में वापस आना किसी आर्शीवाद से कम नहीं है।

सुनील छेत्री, उदांता सिंह, अमरिंदर सिंह और लालचुनमवाई फनाई एएफसी कप के फाइनल में खेलने वाली बेंगलुरू एफसी का हिस्सा रहे थे।

कोस्टा रिका के गुइमारेस ने कहा, “हम उनके वापस आने से खुश हैं। इससे हमारी टीम मजबूत हुई है और मुझे खिलाड़ियों को लेकर विकल्प मिले हैं। टूर्नामेंट के अंत में यह हमारे लिए आर्शीवाद से कम नहीं है।”

चारों में से किन-किन के साथ वह मैदान पर उतरेंगे, इस पर मुंबई के कोच ने सिर्फ इतना कहा कि यह सभी खिलाड़ी टीम में जगह बनाने के लिए उतारू हैं।

एएफसी कप में छेत्री के शानदार फॉर्म को देखते हुए गुइमारेस उन्हें अंतिम एकादश में जगह दे सकते हैं। वह पिछले सीजन में टीम के लिए सर्वोच्च स्कोरर थे। उन्होंने पिछले सत्र में 16 गोल किए थे और आठ गोल करने में मदद की थी।

मुंबई की टीम आठ टीमों की अंकतालिका में नौ मैचों में 15 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

मुंबई ने पुणे को उसी के घर में हराकर विजयी आगाज किया था। लेकिन मेहमान टीम इस बार एटलेटिको डी कोलकाता को हराकर उत्साह से भरी हुई है। पुणे सिटी इस समय नौ अंकों के साथ अंकतालिका में सातवें स्थान पर है। उसकी कोशिश इस मैच में पूरे अंक लेकर शीर्ष चार में पहुंचने की होगी।

पुणे के कोच एंटोनियो हबास ने कहा, “पिछले मैच के बाद टीम का माहौल अच्छा है। खिलाड़ी तैयार हैं। कोलकाता के मैच के बाद टीम में उत्साह है। मुंबई ने हमें हमारे घर में हराया था, हमारी कोशिश भी उन्हें उनके घर में हराने की होगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493