चेन्नई, 1 दिसम्बर (आईएएनएस)। चेन्नइयन एफसी ने मंगलवार को घरेलू दर्शकों के सामने हुए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे संस्करण के 51वें मैच में मुंबई सिटी एफसी को 3-0 से हरा दिया।
इस जीत के साथ अंकतालिका में चौथे स्थान पर पहुंच चुकी चेन्नइयन ने सेमीफाइनल में प्रवेश करने की अपनी संभावनाएं भी कायम रखी हैं।
चेन्नइयन के लिए स्टीवन मेंडोजा ने नौवें मिनट में पहला गोल किया, जबकि भारत के जेजे लालपेख्लुआ ने 17वें मिनट में दूसरा और बर्नार्ड मेंडी ने 45वें मिनट में तीसरा गोल किया।
चेन्नइयन के इसके साथ ही 13 मैचों में छह जीत से 19 अंक हो गए और उसे एफसी पुणे सिटी के साथ पांच दिसंबर को लीग चरण का अपना आखिरी मैच खेलना है।
दूसरी ओर 13वें मैच में छठी हार झेलने के बाद 13 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर मौजूद मुंबई की लीग चरण से विदाई लगभग तय हो गई है।
लगातार तीन हार झेलने के बाद बेहतरीन वापसी करते हुए चेन्नइयन ने लगातार तीसरी जीत हासिल की।
पूरे मैच के दौरान चेन्नइनयन हावी रहे और मुंबई को उन्होंने बेहद कम मौके दिए। चेन्नइयन 59 फीसदी समय तक गेंद अपने कब्जे में रखने में सफल रहे और मुंबई के दो की अपेक्षा नौ हमले किए।
dharmpath.com dharmpath