आईएसएल-4 : पुणे सिटी-जमशेदपुर की चाहत सिर्फ जीत

जमशेदपुर, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में चौथे सीजन में अभी तक बेहतरीन फॉर्म में चल रही एफसी पुणे सिटी के सामने रविवार को अभी तक अपराजित नई नवेली टीम जमशेदपुर के रूप में कड़ी चुनौती है।

पुणे जानती है कि इस टीम ने लीग में अभी तक जिस तरह का खेल दिखाया है, उसे देखते हुए उसे बच पाना आसान नहीं होगा।

वहीं जमशेदपुर के कोच और इंग्लैंड के रहने वाले स्टीव कोपेल जानते हैं कि उनकी विपक्षी टीम आक्रमण में कितनी मजबूत है। मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, “पुणे बेहतरीन टीम है। यह सही है। उनके पास लीग के दो सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर हैं। पिछले साल मार्सेलिंहो और इमिलियानो अल्फारो दोनों ने शानदार खेल खेला था। इन दोनों की जोड़ी बेहद खतरनाक है। यह मुश्किल मैच होगा, लेकिन मेरा मानना है कि इस मैच को देखने वाले लोग इसका आनंद उठाएंगे।”

कोपेल ने साथ ही इस बात की पुष्टि की कि डिफेंडर अनस इडाथोडिका कुछ मैचों में टीम से बाहर रहेंगे। उनको केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ खेले गए मैच में चोट लग गई थी।

अपने मुख्य डिफेंडर के बाहर हो जाने के बाद कोपेल ने कहा कि उनकी टीम को एक और क्लीन शीट हासिल करने के लिए और कड़ी मेहनत करनी होगी। एफसी पुणे सिटी ने अभी तक इस सीजन में खेले गए चार मैचों में कुल आठ गोल किए हैं।

पुणे के कोच रेंको पोपोविक ने हालांकि माना कि उनकी टीम के लिए जमशेदपुर एफसी के खिलाफ गोल करना आसान नहीं होगा। सर्बिया निवासी पोपोविक ने जमशेदपुर के डिफेंस की तारीफ की है।

उनसे जब पूछा गया कि घर से बाहर खेलना उनकी टीम के लिए चिंता की बात होगी? तो उन्होंने कहा, “जमशेदपुर एफसी को भी घर से बाहर मैच खेलने होंगे, और उन्हें भी इसी तरह की स्थिति का सामना करना होगा। हम इस बहाने पर नहीं चल सकते। जमशेदपुर के पास भारत की सबसे अच्छी फुटबाल अकादमी है। यहां लोग फुटबाल को पसंद करते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493