आईएसएल-4 : प्रीओरी ने दिलाई जमशेदपुर को जीत

जमशेदपुर, 10 फरवरी (आईएएनएस)। वेलिंग्टन प्रीओरी द्वारा 51वें मिनट में किए गए हैरतअंगेज गोल की मदद से जमशेदपुर एफसी ने जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स मैदान पर शनिवार को खेले गए अपने 15वें दौर के मुकाबले में नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 1-0 से हराकर हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन की तालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।

प्रीओरी ने ऐसे समय में यह नायाब गोल किया, जब जमशेदपुर की टीम का मनोबल लगातार हमलों के कारण काफी नीचे जा चुका था। सुब्रत पॉल ने दो अच्छे बचाव नहीं किए होते तो पहले हाफ में ही मेजबान टीम 0-2 से पीछे हो गई होती। ऐसे में मेजबानों को किसी चमत्कार की आस थी और प्रीओरी ने एजु एजुका की मदद से यह चमत्कार कर दिखाया। प्रीओरी ने इस सीजन के सबसे अच्छे गोलों में से एक को अंजाम देते हुए अपनी टीम को उम्मीद से उलट पूरे तीन अंक दिलाए।

इस जीत के साथ मेजबान टीम 10 टीमों की तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसने चेन्नयन एफसी (22) को पीछे छोड़ा है। एफसी पुणे सिटी के भी उसके बराबर 25 अंक हैं लेकिन पुणे का गोल अंतर काफी बेहतर है। ऐसे में जमशेदपुर को अभी तीसरे स्थान से ही संतोष करना होगा। नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी इस मैच से पहले भी नौवें स्थान पर थी और अब भी इसी स्थान पर है। इस सीजन में जमशेदपुर की हाइलैंर्ड्स पर पहली जीत है। पहले चरण का मुकाबला बराबरी पर छूटा था।

पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ था, लेकिन मेहमान टीम ने मेजबानों की मजबूत रक्षापंक्ति की जमकर परीक्षा ली। गेंद अधिकतर समय तक मेहमानों के पास ही रही और इस हाफ के कुछ अच्छे हमले उन्होंने ने ही किए। शुरुआती चरण में हल्के हमले हुए, लेकिन अंतिम क्षण तक जाते-जाते मेहमान टीम ने जमकर धावा बोला।

मेजबान गोलकीपर सुब्रत पाल ने इस हाफ में कुछ बेहतरीन बचाव किए। सुब्रत अगर लय में नहीं होते तो अब तक मेहमान टीम दो गोल खा चुकी थी। एक निश्चित गोल को टीरी ने भी बचाया। गेंद पर कब्जा बनाए रखने के लिए दोनों टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा हुई और इस दौरान दो पीले कार्ड दिखाए गए।

दूसरे हाफ की शुरुआत में ही मेजबान टीम ने बदलाव किया। असीम बिस्बास को बाहर किया गया और मेहताब हुसैन ने उनकी जगह ली। इस बदलाव के पांच मिनट बाद जो हुआ, उसने अब तक शानदार खेल दिखा रही नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी के होश उड़ा दिए।

प्रीओरी ने बिना कोई शोर मचाए 51वें मिनट में एजुका की मदद से गोल करते हुए मेजबान टीम को 1-0 से आगे कर दिया। प्रीओरी ने बाइसिकिल किक के जरिए एक बेहतरीन गोल किया।

प्रीओरी ने बाएं फ्लैंक से एजुका से मिले पास को अपने शरीर से रोका और फिर घुटनों से ऊपर उठाते हुए पलटकर एक शानदार बाइसिकिल किक लगाई और गेंद को गोलपोस्ट के दाएं किनारे में डाल दिया। टीपी रेहेनेश बस देखते रह गए। इसके बाद प्रीओरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस गोल का जमकर जश्न मनाया।

इसके बाद भी गेंद पर मेहमानों का कब्जा रहा, लेकिन वे गोल नहीं कर सके। अतिरिक्त समय में रेहेनेश ने फारुख चौधरी के एक अच्छे प्रयास को रोकते हुए अपनी टीम को 0-2 से पीछे होने से बचाया। कुल मिलाकर अच्छा खेलने के बाद भी नार्थईस्ट के हिस्से निराशा आई और प्रीओरी के करिश्माई गोल के कारण मेजबान टीम को तालिका में पहली बार तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

घर में यह जमशेदपुर का सातवां मैच था। इससे पहले खेले गए छह मैचों में से मेजबान टीम को दो में जीत मिली थी, जबकि दो मैचों में हार। दो मैच बराबरी पर छूटे हैं। अपने अंतिम दो मैचों में मेजबान टीम ने केरला ब्लास्टर्स को 2-1 और दिल्ली डायनामोज को 3-2 से हराया था और नार्थईस्ट को हराकर उसने अपने पहले ही सीजन में जीत की हैट्रिक पूरी की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493