आईएसएल-4 : लगातार दूसरी जीत के लिए प्रयारत होंगे दिल्ली, बेंगलुरू (प्रीव्यू)

बेंगलुरू, 25 नवंबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के अपने-अपने शुरुआती मुकाबलों में जीत हासिल करने के बाद भी बेंगलुरू एफसी और दिल्ली डायनामोज को सुधार की जरूरत है। दोनों टीमें रविवार को अपने-अपने दूसरे मुकाबले में रविवार को कांतिरावा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।

बेंगलुरू ने आईएसएल के अपना पदार्पण मैच में मुम्बई सिटी एफसी को 2-0 से हराया था जबकि दिल्ली ने एफसी पुणे सिटी के खिलाफ 3-2 से जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया था। इन दोनों टीमों ने तीन-तीन अंक हासिल किए हैं लेकिन दोनों टीमों के कोच इस प्रदर्शन से संतुष्ट नजर नहीं आए और दोनों ने ही आने वाले मैचों के लिहाज से सुधार की बात कही।

बेंगलुरू के कोच एल्बटरे रोका ने इस अहम मैच की पूर्व संध्या पर संवदादाताओं से कहा, “मैं प्रदर्शन के स्तर को लेकर खुश नहीं था। यह सिर्फ जीत का सवाल नहीं है बल्कि यह भी देखना जरूरी है कि कैसे जीते हैं। हर कोई जीतना चाहता है लेकिन कोच कभी खुश नहीं हो सकते। ऐसे में हमें अपने खेल में सुधार लाने की जरूरत है।”

स्पेन निवासी रोका ने यह भी कहा कि उनकी टीम में सुधार की जरूरत है क्योंकि आने वाला समय कठिन है और उनकी टीम को घर से बाहर तीन मैच खेलने हैं। कोच ने यह भी कहा कि उनका पहला लक्ष्य शीर्ष-4 में जगह बनाना है और फिर इसके बाद खिताब तक पहुंचने की रणनीति तैयार की जाएगी।

रोका ने कहा, “दिल्ली के खिलाफ होने वाला मुकाबला कठिन होगा। दिल्ली के कोच को मैं जानता हूं। उनके पास अपार अनुभव है और मैंने दिल्ली का मैच भी देखा था। आप यह देखें कि दिल्ली की टीम कितना व्यवस्थित तरीके से खेली। साथ ही हमें यह भी देखना होगा कि इस मैच के लिए उनकी तैयारी और उसके पीछे का आइडिया क्या था। हमें इस जंग के लिए तैयार रहना होगा।”

दिल्ली ने अपना अभियान एफसी पुणे सिटी पर जीत के साथ की। दिल्ली की टीम ने पहले हाफ में तीन गोल किए लेकिन दूसरे हाफ में वह दो गोल खा बैठी। यह एक ऐसी घटना है, जो कोच मिग्वेल एंजेल पुर्तगाल को पसंद नहीं है।

कोच ने कहा, “हमें रक्षापंक्ति में सुधार की जरूरत है। मैं आक्रमण पंक्ति से खुश हूं लेकिन हमारे डिफेंस को हर हाल में सुधार करना होगा।”

बेंगलुरू एफसी और दिल्ली डायनामोज एक ही शैली का फुटबाल खेलते हैं और दोनों को ही गेंद अपने पास रखना पसंद है। दोनों टीमें अपने पहले मैच में 60 फीसदी समय तक गेंद अपने पास रखने में सफल रही थीं। इसके बावजूद कोच पुर्तगाल ने कहा कि वह अपनी शैली में बदलाव की गुंजाइश से इंकार नहीं कर सकते।

बेंगलुरू टीम को संतुलित, ठोस और लगातार अच्छा खेलने वाली कहने पर कोच ने कहा, “बेंगलुरू की टीम अच्छी है और उसके कोच भी अच्छे हैं। वह भी मेरी टीम की शैली में खेलते हैं। वे लड़ते हैं। हम नार्मल गेम खेलेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493