आईएसएल-5 : नए कोच संग नई शुरुआत चाहेंगी मुंबई, जमशेदपुर की टीमें

मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के अपने पहले मैच में मुंबई सिटी एफसी और जमशेदपुर एफसी मंगलवार को मुंबई फुटबाल एरेना में एक-दूसरे के सामने होंगी।

दोनों टीम इस सीजन में नए प्रशिक्षकों के साथ उतर रही हैं। मुंबई के पास जॉर्ज कोस्टा हैं जबकि जमशेदपुर के पास सीजर फर्नाडो।

पिछले सीजन में निराशाजनक प्रदर्शन कर सातवें स्थान पर रहने वाली मुंबई ने इस साल राउलो मचाडो और ब्राजील के स्ट्राइकर राफेल बस्टोस को टीम में शामिल किया है। वहीं, शौविक चक्रवर्ती और रायनेर फर्नाडेस तथा सुभाशीष बोस भी मुंबई की टीम में नए चेहरे हैं।

मुंबई के लिए पिछले सीजन में उसका डिफेंस कमजोर रहा था जिसने 29 गोल खाए थे। इस बार उसने अपने डिफेंस को मजबूत करने के लिए सुभाशीष बोस के अलावा रोमानिया के लुसियन गोइयन, कांगो के आर्नोल्ड इसोको, सुविक घोष और अनुभवी अनवर अली को टीम में शामिल किया है।

मिडफील्ड में उसके पास सेनेगल के माउडोउ साउगोउ का अनुभव होगा। मुंबई ने सीजन की शुरुआत से पहले थाईलैंड में भी अभ्यास मैच खेले थे जिसमें से तीन जीते थे और एक ड्रॉ रहा था।

गोलकीपर के लिए मुंबई के पास अमरिंदर सिंह और कुणाल सावंत के रूप में दो शानदार विकल्प हैं।

जमशेदपुर ने इस सीजन का सबसे बड़ा करार किया है। उसने आस्ट्रेलिया के टिम काहिल और सीनियर गोलकीपर सुब्रत पॉल को अपने साथ जोड़ा है।

पिछले सीजन में पांचवें स्थान पर रहने वाली जमशेदपुर भी नए कोच के मार्गदर्शन में सकारात्मक शुरुआत चाहेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493