चेन्नई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। शीर्ष पर पहुंचना मुश्किल होता है लेकिन वहां बने रहना और भी मुश्किल होता है। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की मौजूदा चैम्पियन चेन्नइयन एफसी को यह अहसास हो चुका है कि जो खिताब उन्होंने पिछले साल जीता था उसे बचाना कितना जद्दोजहद भरा है।
हालत यह है कि चेन्नइयन की इस साल प्ले ऑफ में जाने की संभावना पर भी ग्रहण लगता दिखाई दे रहा है और जबकि अभी आधा सीजन बचा हुआ है। चेन्नइयन के खिताब बचाने की रेस में एक और बाधा इंतजार कर रही है। मौजूदा चैम्पियन को पांचवें सीजन में गुरुवार को अपने घर जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में केरला ब्लास्टर्स का सामना करना है।
चेन्नइयन इस समय नौवें स्थान पर है। उसे आठ मैचों में सिर्फ एक जीत और एक ड्रॉ हासिल हुआ है। केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ हार एक तरह से जॉन ग्रेगोरी टीम की प्लेऑफ की संभावनाओं को कई हद तक खत्म कर सकती है।
चेन्नइयन ने पिछले सीजन में बेंगलुरू एफसी को मात देकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था। पिछले साल उसका डिफेंस लाजबाव था जो इस बार अपनी चमक खो चुका है। चेन्नइयन ने अभी तक सीजन में 16 गोल खाए हैं।
वहीं पिछले साल सात गोल कर खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले जेजे लालपेखुलआ इस बार अपनी फॉर्म खो चुके हैं। उन्हें अभी तक अपने पहले गोल का इंतजार है।
तो इस बार चेन्नइयन कैसे अपनी किस्मत बदलेगी? ग्रेगोरी ने कहा, “हमारे लिए यह जरूरी है कि हम तीन अंक हासिल करें। हमारी टीम के खिलाड़ियों को यह समझना होगी कि उनके लिए इस मैच के क्या मायने हैं और साथ ही प्रशंसकों के लिए भी इस जीत के क्या मायने हैं। पहले मैच में बेंगलुरू एफसी के खिलाफ उन्हें मुश्किलात का सामना करना पड़ा था। काफी कुछ दांव पर लगा है। हमें जीत चाहिए और किसी तरह रेस में वापस आना है।”
ग्रेगोरी ने अपनी टीम को जीत के रास्ते पर वापस लाने के लिए टीम की गलतियों के अलावा खिलाड़ियों की गलतियों को भी बताया है। खिलाड़ी हालांकि, वही हैं लेकिन वह पहले से ज्यादा भरोसेमंद नहीं रहे हैं।
ग्रेगोरी ने कहा, “हमारे कई खिलाड़ी पिछले साल भरोसेमंद थे। इस बार उन पर ज्यादा भरोसा नहीं है। आपको जिन खिलाड़ियों से उम्मीद थी कि वह गलतियां नहीं करेंगे वही खिलाड़ी गलतियां कर रहे हैं।”
केरला ब्लास्टर्स का भी यह सीजन ज्यादा अच्छा नहीं रहा है। पहले जिन एटीके को मात देने के बाद उसे अभी तक जीत का इंतजार है। वह सात अंकों के साथ सातवें स्थान पर बैठी है।
केरला ब्लास्टर्स गोल करने के लिए संघर्ष करती दिखी है और जब उसने गोल किए हैं तो उसके लिए अपनी बढ़त को बनाए रखना मुश्किल रहा है। नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी के खिलाफ खेले गए आखिरी मैच में इस बात का पता चला था। एटीके 90वें मिनट तक 1-0 से आगे थी लेकिन इंजुरी टाइम में वह दो गोल खा गई और 1-2 से हार गई।
केरला ब्लास्टर्स के कोच डेविड जेम्स ने कहा, “मुझे हर जगह कमी दिखी है, खासकर आखिरी मिनट में किए गए गोल में। मुंबई के गोल के बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता क्योंकि खिलाड़ी (प्रांजल भूमजी) ने लंबी दूरी से गोल करने की कोशिश की थी और गेंद नेट में चली गई थी। दिल्ली के खिलाफ खिलाड़ी (आंद्रेज कालुडजेरोविक) साफ तौर पर ऑफ साइड थे और जब उन्होंन गोल किया संदेश झींगन को चोट लग गई।”
उन्होंने कहा, “नार्थईस्ट के खिलाफ मैच में 90वें मिनट में संदेश के खिलाफ पेनाल्टी दे दी गई। फाउल के कारण एक खिलाड़ी कम था और मैच 10 बनाम 11 का था। हम फैसलों की बात कर रहे हैं जो हमारे पक्ष में नहीं गए।”
जेम्स को उम्मीद होगी कि इस मैच में जीत सीजन को बदल देगी, वहीं चेन्नइयन एफसी केरला को रोकने की पूरी कोशिश करेगी। गुरुवार को हमें एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
dharmpath.com dharmpath