लुधियाना, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब के मुकुल नागपॉल आयरनमैन रेस खिताब जीतने वाले राज्य के पहले एथलीट बन गए हैं।
पीएमएफ ट्रेनिंग के संस्थापक मुकुल ने मलेशिया के लांग्कवी में इस माह हुए रेस में यह खिताब अपने नाम किया। उन्होंने ट्रायथलन के इस प्रतिस्पर्धा में 16 घंटे, 18 मिनट और 41 सेकेंड में दूरी तय कर खिताब पर कब्जा जमाया।
विश्व ट्रायथलन निगम (डब्ल्यूटीसी) द्वारा आयोजित इस रेस में मुकुल ने 3.86 किलोमीटर तैरकर, 180.25 किलोमीटर साइकिल चलाकर और 42.20 किलोमीटर फुल मैराथन में बिना किसी ब्रेक के हिस्सा लेकर खिताब जीता।
31 वर्षीय मुकुल ने अपनी इस उपलब्धि पर कहा, “खिताब जीतने का यहां तक का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। रेस के दिन मैं काफी थका हुआ था। लेकिन जब मैंने खिताब जीता तो मेरे आंख आसूंओं से भर गए। यह जीत पिछले डेढ़ साल की कड़ी मेहनत का परिणाम है।”
कभी राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुके मुकुल इस समय एशिया के शीर्ष ट्रेनर माने जाते हैं। उनका लक्ष्य एक करोड़ लोगों के मोटापे को कम करना और उनमें शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने का विश्वास दिलाना है।
dharmpath.com dharmpath