आईएसएल-5 : रिजर्व खिलाड़ियों को मौका देना चाहेगा बेंगलुरू (प्रीव्यू)

जमशेदपुर, 26 फरवरी (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) का प्लेऑफ खेलने से पहले बेंगलुरू एफसी बुधवार को यहां जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स स्टेडियम में जमशेदपुर एफसी के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अपने रिजर्व खिलाड़ियों को मौका देना चाहेगा।

अपने पिछले मैच में गोवा पर 3-0 की जीत हासिल कर इस टीम ने कुछ आत्मविश्वास हासिल किया है और इसी के दम पर वह जमशेदपुर को हराना चाहेगा।

बेंगलुरू प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बनी थी लेकिन इंटरनेशनल ब्रेक के बाद से चार्ल्स कुआडार्ट की इस टीम का फार्म चिंता का विषय है।

बेंगलुरू की टीम बीते छह मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल कर सकी है।

ब्ल्यूज नाम से मशहूर यह टीम तीसरी बार जमशेदपुर से भिड़ेगी। दोनों टीमो को एक-एक जीत मिली है जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है। अंतिम मुकाबले में अक्टूबर में दोनों ने 2-2 से ड्रॉ खेला था। उस मैच में सर्गियो सिडोंचा ने अतिरिक्त समय में बराबरी का गोल किया था।

बेंगलुरू के कोच ने मैच से पूर्व कहा, “हमारे कई खिलाड़ी बेंगलुरू में ही रह गए। हम यहां मिश्रित खिलाड़ियों के साथ पहुंचे हैं। हम अगले मैच में बीएफसी बी-टीम के चार ऐसे सदस्यों को खिलाने जा रहे हैं, जिन्होंने हमारी बी-टीम के साथ अधिकांश मैच खेले हैं।”

बेंगलुरू को घर से बाहर जीत चाहिए और इसी कारण उसे हर हाल में जमशेदपुर को हराना है। बीते चार बाहरी मैचों में उसे तीन हार मिली है और एक ड्रॉ मिला है। कोच ने कहा कि कल के मैच में बी-टीम के तीन खिलाड़ी बेंच पर भी रहेंगे।

जमशेदपुर के लिए यह सीजन मिश्रित परिणामों वाला रहा है। इस टीम ने इस सीजन में नौ ड्रॉ खेले हैं। लीग स्तर पर आईएसएल का यह एक रिकार्ड है। पुणे के हाथों 1-4 की करारी हार के बाद इस टीम को चेन्नइयन एफसी ने गोलरहित बराबरी पर रोका था और इस कारण उसकी आगे जाने की उम्मीदें समाप्त हो गई थीं।

जमशेदपुर के कोच सीजर फेरांडो ने कहा, “टॉप-4 टीमों की तरह हमारे पास कोई ऐसा स्ट्राइकर नहीं है, जो लगातार स्कोर करे। हमारे अधिकांश गोल हमारे अटैकर्स ने किए हैं। फिनिश नहीं कर पाने के कारण ही हमने इतने सारे ड्रॉ खेले हैं। हां, टॉप-4 में नहीं जाने का हमें काफी मलाल है।”

अब जबकि मेजबान टीम प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है, वह मनोबल हासिल करने वाली जीत चाहेगी।

कोच ने कहा, “यह हमारे घरेलू प्रशंसको के सामने इस सीजन का हमारा अंतिम मैच है और हम उन्हें जीत का तोहफा देना चाहते हैं। मैं इस टीम के प्रदर्शन से खुश हूं और आशा करता हूं कि यह सीजन का अंत अच्छी स्थिति में रहते हुए करे। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हम बेंगलुरू के खिलाफ हर हाल में जीत चाहते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493