कैनबरा, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में कुर्दिश बलों की तरफ से आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ कथित तौर पर लड़ने वाले ऑस्ट्रेलिया की लेबर पार्टी के एक पूर्व अधिकारी से पूछताछ की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रपट के मुताबिक, उत्तरी क्षेत्र की लेबर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मैथ्यू गार्डिनर को पूछताछ के लिए रविवार को डार्विन हवाईअड्डे पर हिरासत में ले लिया गया। माना जा रहा है कि कई महीनों से मध्यपूर्व में वह आईएस से मुकाबले में कुर्दिश बलों का साथ दे रहे थे।
नेता प्रतिपक्ष बिल शॉर्टन ने कहा कि सीरिया व इराक के प्रतिबंधित इलाकों का दौरा करने वाले ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों से अच्छी तरह पूछताछ की जाएगी।
शॉर्टन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की संघीय पुलिस उस किसी भी व्यक्ति से पूछताछ कर सकती है, जिन्होंने उन इलाकों का दौरा किया है, जिसे बीते साल संसद ने ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों के लिए निषिद्ध घोषित कर दिया है।
उन्होंने कहा, “आधिकारिक रपट के मुताबिक, माना जा रहा है कि गार्डिनर ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ लड़ाई में कुर्द बलों का साथ दिया है।”
उल्लेखनीय है कि अनुमानित तौर पर पश्चिमी देशों के 100 लोग आईएस के खिलाफ लड़ाई में कुर्द बलों का साथ दे रहे हैं। फरवरी में आईएस के खिलाफ कुर्द बलों के साथ लड़ते हुए ऑस्ट्रेलिया की रिजर्व सेना के सैनिक एश्ले जॉन्स्टन (28) मारे गए थे।
dharmpath.com dharmpath