मॉस्को, 25 मई (आईएएनएस)। रूसी रक्षा मंत्रालय ने उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया है कि इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकवादियों ने सीरिया के होम्स प्रांत में हवाईअड्डे पर चार रूसी हेलीकॉप्टर नष्ट कर दिए।
‘आरटी ऑनलाइन’ की रपट के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेंकोव ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में कहा, “सीरियाई अरब रिपब्लिक में फिलहाल तैनात सभी रूसी युद्धक हेलीकॉप्टर्स आतंकवादियों को नष्ट करने का अपना नियमित काम कर रहे हैं। वहां रूसी हवाईअड्डे के कर्मियों को कोई क्षति नहीं पहुंची है।”
इससे पहले एक निजी खुफिया और विश्लेषक एजेंसी ‘स्ट्रैटफोर’ ने होम्स प्रांत में टी4 हवाईअड्डे के उपग्रह चित्रों के तुलनात्मक विश्लेषण के आधार पर खबर दी थी कि आईएस के हमले में रूसी हेलीकॉप्टर और आपूर्ति ट्रक नष्ट हो गए हैं।
‘स्ट्रैटफोर’ के मुताबिक, पल्मायरा की आजादी के लिए लड़ाई के दौरान सरकारी बलों की मदद कर रहे रूसी हेलीकॉप्टर सीरियाई हवाईअड्डे का इस्तेमाल कर रहे थे।
आईएस ने 14 मई को घोषणा की थी कि चार रूसी हेलीकॉप्टर और 20 आपूर्ति ट्रक जलकर नष्ट हो गए हैं।
‘स्ट्रैटफोर’ के मुताबिक, उसी समय के आसपास सीरिया सरकार के सूत्रों ने टी4 हवाईअड्डा इलाके में आकस्मिक विस्फोटों की खबर दी थी।
खुफिया एजेंसी ने 14 और 17 मई के उपग्रह चित्रों के विश्लेषण के आधार पर कहा था कि हवाईअड्डे पर चार हेलीकॉप्टर्स और ट्रक वास्तव में नष्ट हुए थे। साथ ही एक सीरियाई मिग-25 भी नष्ट हुआ था।
‘स्ट्रैटफोर’ ने दावा किया था कि उपग्रह चित्र दर्शाते हैं कि हवाईअड्डा हमले की चपेट में आया था।
हालांकि कोनाशेंकोव ने जोर देकर कहा है कि रूसी युद्धक हेलीकॉप्टर्स और ट्रकों के नष्ट होने की अफवाह आईएस ने फैलाई थी, जो कुछ 10 दिनों पहले यह कथित खबर फैलाने का प्रयास कर रहे थे।
सीरियाई हवाईअड्डे के चित्रों के बारे में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि जले हुए विमान और ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स और साथ ही मिसाइल विस्फोटों से बने कई खड्डे एक महीने से ज्यादा समय से हैं और ये उस हवाई क्षेत्र में सीरियाई सरकारी बलों और आतंकवादियों के बीच भीषण संघर्ष का परिणाम हैं।
dharmpath.com dharmpath