सुझोऊ (चीन), 28 अप्रैल (आईएएनएस)। सुझोऊ अंतर्राष्ट्रीय एक्स्पो सेंटर में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) की वार्षिक बैठक शुरू हुई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, आईटीटीएफ की इस वार्षिक बैठक में आगामी प्रतियोगिताओं और विश्व चैम्पियनशिप-2017 की मेजबानी के लिए डसेलडोर्फ की दावेदारी की आखिरी प्रस्तुति मुख्य मुद्दे होंगे।
बैठक की शुरुआत आईटीटीएफ के अध्यक्ष थॉमस विकर्ट के संबोधन के साथ शुरू हुई। वीकर्ट ने अपने संबोधन में इस समय जारी विश्व चैम्पियनशिप की मेजबानी करने के लिए चीन के आयोजकों का ‘टेबल टेनिस को शानदार माहौल प्रदान करने के लिए’ आभार व्यक्त किया।
वीकर्ट ने साथ ही नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के प्रति दुख भी व्यक्त किया।
जर्मनी के वीकर्ट ने कहा, “हमारा दिल भूकंप की विभीषिका झेल रहे नेपाल के हमारे मित्रों के साथ है। मैंने नेपाल टीम के कोच से फिर से बात की। नेपाल में अपने मित्रों के प्रति आईटीटीएफ ने अपना पूरा समर्थन व्यक्त किया है। हम वहां नेपाल में सब कुछ ठीक होने की कामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि अब वहां इस त्रासदी में कोई और नहीं मरेगा।”
वार्षिक बैठक की समाप्ति के बाद बैठक के परिणाम की घोषणा की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath