मोदी की टिप्पणी का जेटली ने बचाव किया

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी का मंगलवार को बचाव किया, जिसमें उन्होंने अपने विदेश दौरे के दौरान प्रवासी भारतीयों के बीच कहा था कि भारत की छवि घोटाले वाले देश से बदल कर कौशल वाले देश की बन गई है। जेटली ने यह भी कहा कि दुनिया में कहीं भी भ्रष्टाचार पर बात करने में कोई बुराई नहीं है।

कांग्रेस ने राज्यसभा में मंगलवार को यह मुद्दा उठाया और पूछा कि हाल में अपने तीन देशों के दौरे के दौरान मोदी ने इस तरह की टिप्पणी क्यों की, जिससे देश की बदनामी हुई?

कांग्रेस के सवालों का जवाब देते हुए जेटली ने कहा कि इंटरनेट व अन्य प्रौद्योगिक प्रगति के इस युग में चर्चा और बहस को सीमित रखना संभव नहीं है।

मंत्री ने कहा, “यहां जो भी हो रहा है, उसे कहीं भी देखा या सुना जा सकता है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री पर वार कर रही है।

संवाददाताओं से बातचीत में जेटली ने कहा कि भारतीय प्रवासियों के बीच भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा करने में कोई बुराई नहीं है।

मंत्री ने आश्चर्य जताया, “भ्रष्टाचार गुनाह नहीं, लेकिन उसपर चर्चा गुनाह है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरफ से मोदी की टोरंटो की टिप्पणी पर सवाल उठाना बेहद विचित्र है, क्योंकि वर्तमान सरकार देश को घोटालों से कौशल युक्त भारत की तरफ ले जा रही है।

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने इस मुद्दे को राज्यसभा में उठाया, जिसका जवाब जेटली ने दिया। लेकिन फिर भी सदन में हंगामा जारी रहा, जिसके कारण प्रश्नकाल के दौरान सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी। पहली बार पांच मिनट के लिए, दूसरी बार 15 मिनट के लिए, जबकि अंतत: सदन को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493