आईपीएल के अगले 2 संस्करणों में खेलेंगी 2 नई टीमें (लीड-2)

मुंबई, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को कार्यकारी समिति की बैठक में अहम फैसला लेते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स को लोढ़ा समिति की सिफारिशों को पूरी तरह लागू करते हुए लीग से दो वर्ष के लिए निलंबित रखने का फैसला लिया।

बोर्ड ने यह भी कहा कि आईपीएल के नौवें और दसवें संस्करण (2016 और 2017) के लिए रॉयल्स और सुपर किंग्स की स्थानापन्न टीमों के लिए नए सिरे से निविदाएं जारी की जाएंगी। सुपर किंग्स और रॉयल्स 2018 में होने वाले आईपीएल-11 के साथ वापसी कर सकेंगी।

उल्लेखनीय है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित लोढ़ा समिति ने रॉयल्स के सह-मालिक राज कुंद्रा और सुपर किंग्स के टीम प्रिंसिपल गुरुनाथ मयप्पन को आईपीएल-2013 में सट्टेबाजी का दोषी पाए जाने के बाद दोनों टीमों को दो वर्ष के लिए निलंबित करने की सिफारिश की थी।

नए अध्यक्ष शशांक मनोहर की देखरेख में बड़ा कदम उठाते हुए बोर्ड हितों के टकराव के संदर्भ में संविधान संशोधन के लिए भी राजी दिख रहा है और इस संबंध में अगली वार्षिक आम सभा की बैठक में प्रस्ताव पेश किया जाएगा।

बोर्ड की अगली वार्षिक आम सभा नौ नवंबर को मुंबई स्थित बोर्ड मुख्यालय में होगी।

भारतीय क्रिकेट टीम की एपेरल प्रायोजक नाइकी के करार की अवधि बढ़ा दी गई है और आईपीएल के टाइटिल स्पांसर के रूप में वीवो मोबाइल्स का चयन किया गया है, जिसे अगले 10 दिनों में बैंक गारंटी राशि जमा करने के लिए कहा गया है।

इससे पहले टाइटिल स्पांसर पेप्सी था, लेकिन उसने लीग की खराब छवि का हवाला देकर पांच साल के करार को तीन साल में ही खत्म करने का फैसला किया। पेप्सी से पहले डीएलएफ टाइटिल स्पांसर था।

कार्यकारिणी की बैठक के बाद आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने संवाददाताओं को बताया कि 2018 में सुपर किंग्स और रॉयल्स आईपीएल में लौट आएंगे लेकिन जो दो नई टीमें दो साल के लिए उनका स्थान लेंगी, उनके बारे में बाद में फैसला किया जाएगा। फैसला इस बात का होगा कि आईपीएल को आठ टीमों का लीग बने रहने दिया जाए या फिर 10 टीमों का कर दिया जाए।

शुक्ला ने कहा, “यह फैसला लिया गया है कि लोढ़ा समिति की सिफारिशें पूरी तरह लागू होंगी और सुपर किंग्स तथा रॉयल्स लीग से दो वर्ष के लिए निलंबित रहेंगे। आईपीएल के नौवें और दसवें संस्करण (2016 और 2017) के लिए रॉयल्स और सुपर किंग्स की स्थानापन्न टीमों के लिए नए सिरे से निविदाएं जारी की जाएंगी। सुपर किंग्स और रॉयल्स 2018 में होने वाले आईपीएल-11 के साथ वापसी कर सकेंगी।”

“नई टीमों के लिए निविदा जारी करने सम्बंधी फैसला एजीएम में लिया जाएगा। ये टीमें दो साल के लिए होंगी और बाद में यह फैसला लिया जाएगा कि 2018 के बाद ये टीमें आईपीएल में बनी रहेंगी या फिर हटा दी जाएंगी।”

शुक्ला ने कहा कि सुपर किंग्स और रायल्स टीमों के खिलाड़ियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने इस बात का भी भरोसा जताया कि बोर्ड को लीग के दो संस्करणों के लिए टीम बनाने के दावेदार मिल जाएंगे। ये टीमें कहां की होंगी, इसका फैसला दावेदारों पर निर्भर करेगा और जो दावेदार सबसे अधिक बोली लगाएगा, उसे नई टीम बनाने का अधिकार मिलेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493