आईपीएल : जाम्पा के ‘छक्के’ ने हैदराबाद को 137 रनों पर रोका (लीड-1)

विशाखापट्टनम, 10 मई (आईएएनएस)। एडम जाम्पा की कहर बरपाती गेंदों की बदौलत राइजिग पुणे सुपरजाएंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में मंगलवार को खेले जा रहे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 137 रनों पर रोक दिया। जाम्पा ने 18 रन देकर छह विकेट लिए।

डॉ वाई. एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे लीग के 40वें मैच में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 137 रन बनाए।

टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 33 रन शिखर धवन ने बनाए। उनके अलावा केन विलियम्सन ने 31 रनों का योगदान दिया।

पुणे के गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी के कारण हैदराबाद के बल्लेबाज पूरी तरह अपने हाथ नहीं खोल पाए और टीम एक बड़े स्कोर से महरूम रह गई। टीम की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज एडम जाम्पा रहे। उन्होंने 3.3 ओवरों में 18 रन देकर छह विकेट हासिल किए। वह आईपीएल के इतिहास में छह विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज भी बन गए हैं।

कप्तान डेविड वार्नर (11) धवन के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 18 रन जोड़े। आर.पी. सिंह ने वार्नर को विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धौनी के हाथों कैच करा टीम को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद विलियम्सन ने धवन के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के दौरान दोनों बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना सके। पुणे के गेंदबाजों ने दोनों को बड़े शॉट खेलने के मौके नहीं दिए।

रविचन्द्रन अश्विन ने 64 के कुल स्कोर पर धवन को पवेलियन भेजकर इस साझेदारी को तोड़ा। युवराज सिंह (21) ने मोर्चा संभाला। विकेट पर जमने के बाद उन्होंने कुछ बड़े शॉट खेले, लेकिन वह ज्यादा देर मैदान पर टिक नहीं सके और जाम्पा का पहला शिकार बने।

जाम्पा ने 18वें ओवर में विलियम्सन और मोइजिज हेनरिक्स (10) को भी पवेलियन भेज टीम के बड़े स्कोर की उम्मीदों को झटका दिया। अंतिम ओवर में जाम्पा ने दीपेन्द्र हुड्डा (14), नमन ओझा (7) और भुवनेश्वर कुमार (1) को पवेलियन भेज छह विकेट पूरे किए।

जाम्पा के अलावा सिंह और अश्विन ने एक-एक विकेट लिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493